मीणा समाज ने ज्वलंत मुद्दों पर किया मंथन विश्व आदिवासी दिवस पर केसी घुमरिया ने किया एकजुटता का आह्वान

 मीणा समाज ने ज्वलंत मुद्दों पर किया मंथन 


विश्व आदिवासी दिवस पर केसी घुमरिया ने किया एकजुटता का आह्वान



जयपुर। विश्व आदिवासी दिवस प्रदेश के कई स्थानों पर समारोह पूर्वक मनाया गया। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई बड़े शहरों में अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद की ओर से विभिन्न आयोजन कर समाज के ज्वलंत मुद्दों को उठाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह सवाई माधोपुर में हुआ। वहीं राजधानी में भी आयोजन हुआ।

समारोह के मुख्य वक्ता एवं आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष केसी घुमरिया ने समाज की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाते हुए कुरीतियों का उन्मूलन और शिक्षा के प्रोत्साहन पर बल दिया। वहीं उन्होंने प्रदेश के कुछेक स्थान पर समाज को पूर्व में राज्य सरकार द्वारा आवंटित की गई जमीन को मौजूदा राज्य सरकार द्वारा निरस्त किए जाने का घोर विरोध किया। साथ ही चेतावनी दी कि सरकार या प्रशासन द्वारा समाज की समस्याओं के समाधान के बजाय संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद सौमजी भाई व कार्यकारी अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री फगन सिंह कुलस्ते थे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शंकर लाल बोडात, पूर्व सांसद रामनारायण मीना तथा पूर्व विधायक अशोक बैरवा उपस्थित रहे।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौमजी भाई डामोर ने केसी घुमरिया व उनकी टीम की प्रशंसा की। वहीं परिषद की सराहना करते हुए सरकारी योजनाओं तथा संसदीय समिति के कार्यों पर चर्चा की। कार्यक्रम में मीणा समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वालों को बिरसा मुंडा समाज गौरव सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा आदिवासियों की आवाज पत्रिका का विमोचन किया गया। आदिवासी संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रमों की भी अदायगी की गई। वहीं केसी घुमरिया ने ममता मीणा महिला अध्यक्ष, संपूर्ण कार्यकारिणी, रुडमल मीणा, फागन सिंह मीणा, अमर सिंह मीणा, भवानी मीणा गुडासी, धर्मपाल मीणा, मदन मीणा, गोकुलचंद मीणा, श्री राम मीणा, गोपाल मीणा, राधेश्याम मीणा, रामधन मीणा, शंकर मीणा, गजानंद मीणा सहित टीम की सराहना की। वहीं उपाध्यक्ष सूरज प्रकाश झंडेवाला को भोजन व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। 


कुरीतियों पर अंकुश और शिक्षा पर दिया बल


इसी के साथ केसी घुमरिया ने जल, जंगल, पैशा कानून तथा वन अधिकार की चर्चा की। वहीं उन्होंने राजस्थान इकाई द्वारा आदिवासियों के संरक्षण में किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। जिसमें मृत्यु भोज, बाल विवाह, दहेज प्रथा का विरोध तथा सामूहिक विवाह का समर्थन किया। साथ ही शिक्षा और पुस्तकालय निर्माण पर जोर दिया। सामाजिक महत्व के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया। 


मीणा समाज से मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग


घुमरिया ने समरावता के नरसंहार सरकार को प्रशासन की उदासीनता, डूंगरी बोध, चौथ का बरवाड़ा तथा खंडार बालिका छात्रावास की भूमि आवंटन रद्द किए जाने का विरोध किया और आवंटन बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। घुमरिया ने कहा कि आदिवासी समाज के हर विधानसभा में 35 से 40 विधायक होते हुए भी ऐसा क्या कारण है कि राजस्थान में आज तक किसी पार्टी ने आदिवासी मुख्यमंत्री या पार्टी अध्यक्ष नहीं बनाया। जबकि बाकी सभी राज्यों में आदिवासियों को मौका मिल चुका है। समारोह में समाज के बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन उपस्थित हुए। वहीं उपस्थित सभी ने एकजुटता का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने