राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटखावदा में संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ
राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटखावदा में आज संस्कृत सप्ताह का गरिमापूर्ण शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरिता जैन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में संस्कृत विभाग की आचार्य डॉ. मनीषा शर्मा ने संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता पर प्रेरणाप्रद एवं विचारोत्तेजक उद्बोधन दिया। डॉ. मनीषा शर्मा ने अपने उद्बोधन की शुरुआत संस्कृत को देवभाषा, भारतीय संस्कृति की संवाहिका तथा विश्व की प्राचीनतम ज्ञान-परंपराओं में से एक बताते हुए की। उन्होंने कहा कि संस्कृत को केवल अतीत की भाषा मानना उसके विराट स्वरूप को सीमित करना है। संस्कृत हमारी संस्कृति, संस्कार, ज्ञान और चिंतन की वह सशक्त धारा है, जिसकी अनुगूँज भारतीय जीवन के कण-कण में सुनाई देती है। उन्होंने ‘प्रासंगिकता’ शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि किसी विषय की वर्तमान उपयोगिता को ही उसकी प्रासंगिकता मान लेना पर्याप्त नहीं है। अतीत के अनुभव, विचार और संस्कार वर्तमान को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने एक रोचक दृष्टांत प्रस्तुत किया, जिसमें विवाह के अवसर पर वृद्धों को बारात में ले जाने पर प्रतिबंध लगाया जाता है। संकट की स्थिति में युवाओं को अंततः उसी वृद्ध के अनुभव से समाधान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि “बक्से में बंद वह वृद्ध केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अनुभव और ज्ञान का प्रतीक है; उसी प्रकार हमारी प्राचीन ज्ञान-परंपरा में संस्कृत वह अमूल्य निधि है, जिसे हमने कहीं बक्से में बंद तो नहीं कर दिया?” डॉ. शर्मा ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और ज्ञान-विरासत की आधारभूमि है। संस्कृत साहित्य में राजनीति, अर्थशास्त्र, दर्शन, न्याय, व्याकरण, काव्यशास्त्र, गणित, ज्योतिष, आयुर्विज्ञान सहित विविध ज्ञान-विज्ञान के विपुल स्रोत उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत रूपी ज्ञान-सागर में जितनी गहराई से प्रवेश किया जाएगा, उतने ही अधिक ज्ञान-रत्न प्राप्त होंगे। उन्होंने संस्कृत की प्रासंगिकता को दो प्रमुख आयामों—‘संस्कृत साहित्य की प्रासंगिकता’ एवं ‘संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता’—के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि संस्कृत को केवल परीक्षा का विषय न मानकर भारतीय ज्ञान-परंपरा को समझने और आधुनिक जीवन से जोड़ने के माध्यम के रूप में देखें।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सरिता जैन ने संस्कृत सप्ताह के आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति की आत्मा है। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को संस्कृत के अध्ययन के साथ-साथ उसके साहित्य, दर्शन एवं ज्ञान-विज्ञान की व्यापक परंपरा से परिचित होने के लिए प्रेरित किया। संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत महाविद्यालय में संस्कृत भाषा एवं साहित्य के प्रति छात्राओं में रुचि जागृत करने तथा भारतीय ज्ञान-परंपरा के विविध पक्षों से परिचित कराने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का वातावरण संस्कृत के प्रति गौरव, जिज्ञासा और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यह संदेश दिया कि संस्कृत केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान की चेतना और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी जीवंत भाषा है।
