शरणागति से ही मिलती है वास्तविक शांति : मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज
उदयपुर। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रात:कालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज मनुष्य के पास धन, दौलत, संपत्ति, शिक्षा, व्यापार, घर, वाहन तथा सभी प्रकार की भौतिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं, लेकिन यदि जीवन में शांति नहीं है तो ये सभी सुविधाएँ निरर्थक हैं। वास्तविक शांति भौतिक साधनों से नहीं, बल्कि अरिहंत, सिद्ध, साधु एवं केवली-प्रणीत धर्म की शरण ग्रहण करने से प्राप्त होती है।
मुनिश्री ने कहा कि जब तक मनुष्य धर्म और गुरु की शरण में नहीं आता, तब तक उसके जीवन में स्थायी शांति का अनुभव संभव नहीं है। गुरु शब्द में ही शांति का भाव निहित है। जीवन में जब व्यक्ति अनेक प्रकार की परेशानियों, संकटों और मानसिक उलझनों से घिर जाता है, तब उसे सच्चे मार्ग की आवश्यकता महसूस होती है। ऐसे समय में अरिहंत, सिद्ध, साधु, केवली-प्रणीत धर्म और सद्गुरु ही उसे शांति तथा समाधान का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि शरणागति से पूर्व स्वयं को उसके योग्य बनाना भी आवश्यक है।
मुनिश्री ने कहा कि जिसके जीवन में आध्यात्मिक गुरु का मार्गदर्शन होता है, उसका जीवन शांत, संयमित और श्रेष्ठ बनता है। जैसे किसी नदी या तालाब को पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है, उसी प्रकार जीवन-सागर को शांति और आत्मकल्याण के साथ पार करने के लिए गुरु की शरण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वास्तविक शांति आध्यात्मिक शरणागति में निहित है। आध्यात्मिक शरणागति वह है, जो व्यक्ति को मोक्षमार्ग और धर्ममार्ग की ओर प्रेरित करे, पापों से बचाए तथा धर्म की रक्षा का मार्ग बताए। वहीं व्यावहारिक शरणागति वह है, जो संकट के समय साथ खड़ी रहे, भयमुक्त, समतावान, ज्ञानवान और सदैव सही मार्ग का मार्गदर्शन करने वाली हो। उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति आध्यात्मिक और व्यावहारिक दोनों प्रकार की श्रेष्ठ शरणागति को स्वीकार नहीं करेगा, तब तक उसे वास्तविक शांति प्राप्त नहीं हो सकती। उन्होंने यह भी प्रेरणा दी कि जीवन में कभी भी केवल धन, रूप या बाहरी आकर्षण देखकर किसी का अनुसरण नहीं करना चाहिए।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रात:कालीन बेला में मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी का शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अशोक कुमार शाह, महावीर प्रसाद सिंघवी, पारस चित्तौड़ा, महावीर प्रसाद भाणावत, कमल कान्त जोलावत, हरि मोहन जैन, प्रमोद कुमार चोधरी, सुरेश वखारिया, आशा देवड़ा आदि उपस्थित थे। संचालन मदन देवड़ा ने किया।
