राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

 राजकीय कन्या महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस



जयपुर, 15 अगस्त। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में आज 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्राओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करता है।

समारोह के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविता-पाठ तथा अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे महाविद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्यों डॉ. रेणुका राठौर, डॉ. विकास यादव, श्री अजय जाखड़, श्री वीरेंद्र वर्मा एवं श्री जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की कामना तथा "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ हुआ। पूरे समारोह में देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने