मतदान ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु पर सरकार तत्काल मुआवजा और सभी देय सहायता उपलब्ध कराए: आम आदमी पार्टी


मतदान ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु पर सरकार तत्काल मुआवजा और सभी देय सहायता उपलब्ध कराए: आम आदमी पार्टी



जयपुर। आम आदमी पार्टी, राजस्थान के प्रदेश संगठन महासचिव विश्वेन्द्र सिंह एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल ने संयुक्त वक्तव्य जारी कर बूंदी जिले के हिंडोली क्षेत्र में मतदान ड्यूटी के दौरान मतदानकर्मी बबलू कोचर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने राजस्थान सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।दोनों नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में मतदानकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होना अत्यंत दुखद है। ऐसे समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पीड़ित परिवार को राहत, सुरक्षा और न्याय प्रदान करे।संयुक्त वक्तव्य में मांग की गई कि दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर राजस्थान में भी पात्र कर्मचारियों के आश्रितों को एक करोड़ रुपये का विशेष मुआवजा देने की व्यवस्था लागू की जाए। बबलू कोचर के परिवार को तत्काल अंतरिम आर्थिक सहायता दी जाए तथा बीमा, अनुग्रह राशि और अन्य सभी नियमानुसार देय सरकारी लाभ बिना देरी उपलब्ध कराए जाएं।दोनों नेताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच कर मृत्यु से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए मतदानकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए।विश्वेन्द्र सिंह एवं डॉ. सुनील धायल ने राजस्थान सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक राहत, न्याय और सभी पात्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए अविलंब आवश्यक कदम उठाए जाएं

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने