सीखने की कोई उम्र नहीं होती, हर पल सीखने का :मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज
विवेक अग्रवाल
उदयपुर। आदिनाथ होम, सेक्टर-11 में विराजित मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सानिध्य में चातुर्मास के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं मांगलिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मेवाड़, वागड़ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रावक-श्राविकाओं का निरंतर आगमन हो रहा है। श्रद्धालु गुरुदेव के दर्शन एवं आशीर्वाद के साथ ही उनके मंगलमय प्रवचनों का लाभ ले रहे हैं।
चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रात:कालीन बेला में मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सानिध्य में श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन एवं उन्हें शास्त्र भेंट करने जैसे मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर अशोक शाह, पारस चित्तौड़ा, महावीर सिंघवी, कमल कांत झोलावत, राजेश देवड़ा, भंवरलाल मुण्डलिया सहित अनेक समाजजन एवं श्रेष्ठीजन उपस्थित रहे।
आदिनाथ दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष पारस चित्तौड़ा ने बताया कि धर्मसभा में मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन में सीखने की प्रवृत्ति और निरंतर ज्ञान अर्जित करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। व्यक्ति जीवन में कभी भी, कहीं से भी और किसी से भी कुछ नया सीख सकता है। जिसके भीतर हमेशा सीखने की ललक रहती है, उसके जीवन में नयापन, उत्साह और उमंग बनी रहती है। व्यक्ति जितना अधिक सीखता है, उतनी ही अधिक उन्नति करता है।
मुनिश्री ने कहा कि मनुष्य चाहे व्यापार करे, नौकरी करे या कोई भी कार्य करे, लेकिन उसे सीखना कभी नहीं छोडऩा चाहिए। हर व्यक्ति, हर परिस्थिति और हर पल हमें कुछ न कुछ सिखाता है। जिसने सीखना छोड़ दिया, समझो उसने अपने जीवन की प्रगति के द्वार बंद कर दिए। जब व्यक्ति कुछ नया सीखेगा ही नहीं, तो जीवन में नया सृजन और नवाचार कैसे कर पाएगा? आज की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि व्यक्ति दूसरों को सिखाना तो चाहता है, लेकिन स्वयं सीखने के लिए तैयार नहीं होता।
पशुओं के उदाहरण से समझाया सीखने का महत्व
मुनिश्री ने पशुओं और जानवरों के उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम सर्कस देखने जाते हैं, तो वहां जंगल का राजा शेर भी प्रशिक्षक के इशारे पर विभिन्न करतब करता नजर आता है। शेर, जो जंगल का राजा है, उसे भी प्रशिक्षण देकर अनुशासित किया जा सकता है। इसी प्रकार विशालकाय हाथी से भी फुटबॉल जैसे खेल करवाए जाते हैं। यह सब निरंतर अभ्यास, प्रशिक्षण और सीखने की प्रक्रिया से संभव होता है। जब पशु-पक्षी भी निरंतर अभ्यास से नई चीजें सीख सकते हैं, तो मनुष्य तो विवेकशील प्राणी है, उसे तो और अधिक सीखने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि मनुष्य को बार-बार समझाने और सिखाने के बाद भी वह कई बार अपनी आदतों में सुधार नहीं करता। धर्मसभा में समय पर आने की बात कही जाती है, लेकिन अनेक लोग समय का पालन नहीं करते। इसी तरह धार्मिक आयोजनों एवं गंभीर चर्चाओं के दौरान मोबाइल फोन साइलेंट रखने की सीख दी जाती है, लेकिन कितने लोग इसका पालन करते हैं? व्यक्ति को अपनी इन आदतों में बदलाव लाना होगा। केवल सीखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सीखी हुई बातों का जीवन में सदुपयोग करना भी उतना ही आवश्यक है।
मुनिश्री ने कहा कि जीवन में उत्साह बनाए रखना बहुत जरूरी है। जिस व्यक्ति के जीवन में उत्साह और कुछ नया करने की उमंग नहीं है, उसका जीवन जीवंतता से रहित हो जाता है। शिक्षा और सीखना मनुष्य की मूल मानवीय प्रवृत्ति है। इसे कभी समाप्त नहीं होने देना चाहिए। सीखने की प्रवृत्ति ही व्यक्ति को निरंतर आगे बढऩे और उन्नति करने का मार्ग दिखाती है।
नवाचार से जीवन में लाएं नयापन
गृहस्थ जीवन का उदाहरण देते हुए मुनिश्री ने कहा कि परिवारों में अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते रहते हैं। कई बार भोजन में रोज एक ही तरह की सब्जी बनने पर भी लोग शिकायत करने लगते हैं कि रोज-रोज वही सब्जी क्यों बनाई जाती है। यदि व्यक्ति कुछ नया सीखने की प्रवृत्ति रखे और जो कार्य करता है, उसी में थोड़ा नवाचार करे, तो जीवन में भी नयापन और आनंद आ सकता है।
उन्होंने कहा कि सीखने के लिए कोई स्थान, समय या उम्र निर्धारित नहीं है। आप कहीं से भी सीख सकते हैं, किसी से भी सीख सकते हैं और हर परिस्थिति से अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए अपने भीतर जिज्ञासा, उत्साह और सीखने की ललक हमेशा जीवित रखिए। जीवन में निरंतर सीखते रहना और सीखी हुई बातों को व्यवहार में उतारना ही सफलता, विकास और उन्नति का वास्तविक मार्ग है।
