कवि सम्मेलन में देर रात तक जमे रहे श्रोता।
शब्दों की फुलझड़ियों से रोशन हुआ दीपावली मेला, वीर, हास्य और साहित्य की बही त्रिवेणी।
शैलेश लोढ़ा की हास्य रचनाओं ने लगाए ठहाके, वीर रस की कविताओं ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
विवेक अग्रवाल
उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 का सातवां दिन काव्य रसिकों के नाम रहा। नगर निगम प्रांगण में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में देश के ख्यातनाम कवियों ने अपनी ओजस्वी, हास्य और श्रृंगार रस से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से ऐसा समां बांधा कि श्रोता ढलती शाम से लेकर देर रात तक अपनी जगह पर जमे रहे। कवियों की शब्दों की फुलझड़ियों ने दीपावली मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। कभी ठहाकों से पूरा पांडाल गूंजा तो कभी वीर रस की कविताओं ने दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।
दीपावली मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि कवि सम्मेलन का शुभारंभ महापौर पारस सिंघवी के साथ पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, पूर्व विधायक मावली धर्मनारायण जोशी, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, पूर्व महापौर गोविन्द सिंह टॉक, समाजसेवी अनिता कटारिया, अतिरिक्त आयुक्त जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग महावीर खराड़ी, दैनिक भास्कर के संपादक नवल सक्सेना, समाजसेवी एस.के. खेतान, शान्तिलाल वेलावत, राजकुमार फत्तावत, जी.बी.एच. अमेरिकन हॉस्पिटल से डॉ. कीर्ति कुमार जैन, विप्र फाउंडेशन प्रदेश पदाधिकारी के.के. शर्मा, उदयपुर मार्बल प्रोसेसर्स समिति अध्यक्ष डॉ. हितेष पटेल, समाजसेवी शब्बीर मुस्तफा, जांगिड़ समाज अध्यक्ष जगदीश शर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम दिनेश श्रीमाली, महिला समृद्धि को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष डॉ. किरण जैन, समाजसेवी पंकज शर्मा, गजेन्द्र भण्डारी, दीपक बोल्या, विनोद फांदोत, साहू समाज अध्यक्ष लालेश साहू, शिवदल मेवाड़ से मनीष मेहता एवं समाजसेवी नितुल चण्डालिया, राव रतन सिंह बार काउंसिल राजस्थान, बलबीर दिग्पाल, राजेश पटेल गुजरती समाज ने मां सरस्वती एवं भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
शैलेश लोढ़ा की हास्य रचनाओं पर गूंजे ठहाके।
मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि कवि सम्मेलन का मुख्य आकर्षण देश-विदेश में ख्यातनाम कवि एवं टीवी कलाकार शैलेश लोढ़ा रहे। उन्हें सुनने और देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मेला प्रांगण पहुंचे। मंच पर लोढ़ा के आते ही तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में उदयपुर की जनता का अभिवादन किया। उनकी प्रत्येक रचना और व्यंग्यात्मक पंक्तियों पर दर्शक ठहाके लगाने लगे। लोढ़ा ने अपनी कविताओं के माध्यम से संस्कृति, इतिहास और दैनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को जीवंत किया। हास्य और व्यंग्य के अनूठे अंदाज ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
संजय झाला ने पारिवारिक रिश्तों पर खूब बटोरी तालियां।
काव्य पाठ का आगाज दौसा के कवि संजय झाला ने अपने अनूठे अंदाज में किया। उन्होंने परिवार के विभिन्न रिश्तों और उनकी अहमियत को हास्य के पुट के साथ प्रस्तुत करते हुए कहा भाई की हंसी ताकत सवाई है, बहन की हंसी मजबूत कलाई है, पिता की हंसी बच्चों की कमाई है, मां की हंसी प्रभु की प्रभुताई है, बच्चों की हंसी पीर की भुलाई है, बेटी की हंसी बाप की दवाई है, प्रेमिका की हंसी हवा हवाई है,
लुगाई की हंसी जेब की सफाई है। इन पंक्तियों पर दर्शकों ने जमकर ठहाके लगाए और तालियों से कवि का उत्साहवर्धन किया।
विष्णु सक्सेना की प्रेम कविताओं ने बांधा समां।
हाथरस के प्रसिद्ध कवि डॉ. विष्णु सक्सेना ने अपनी भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं के दिलों को छुआ। उन्होंने प्रेम और रिश्तों की गहराई को अभिव्यक्त करते हुए कहा जो हाथ थाम लो वो फिर न छूटने पाए, प्यार की दौलतें कोई न लूटने पाए, जब भी छुओ बुलंदियां तो ध्यान ये रखना,
जमीं से पांव का रिश्ता न टूटने पाए। उनकी रचनाओं पर श्रोताओं ने खूब दाद दी। उन्होंने बेटियों के महत्व और समाज में उनके सम्मान को भी अपनी कविताओं के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
शशि श्रेया के श्रृंगार रस ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध।
लखनऊ से आई श्रृंगार रस की कवयित्री शशि श्रेया ने अपनी भावपूर्ण और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से मंच पर अलग ही रंग जमाया। उन्होंने प्रेम की संवेदनाओं को शब्दों में पिरोते हुए कहा रेत पर नाम लिखने से क्या फायदा,
एक आई लहर, कुछ बचेगा नहीं।
तुमने पत्थर का दिल हमको कह तो दिया,
पत्थरों पर लिखोगे, मिटेगा नहीं।
उनकी एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावनाओं के विभिन्न रंगों से रूबरू कराया और खूब तालियां बटोरीं।
जगदीश सोलंकी की वीर रस की कविताओं ने जगाया देशभक्ति का जज्बा।
कोटा के वीर रस के कवि जगदीश सोलंकी ने अपनी ओजस्वी रचनाओं से पूरे पांडाल में देशभक्ति का माहौल बना दिया। उन्होंने मां की ममता और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस को शब्दों में पिरोते हुए कहा मां तेरी दुआ के दम से, आंचल की हवा के हृदय से, बर्फीली चट्टानों पर बारूद को उगाया है। परिंदा भी जहां पर नहीं मार सके, उस जगह जाकर भी तिरंगा फहराया है। इन पंक्तियों ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। दर्शक अपनी जगह पर खड़े होकर भारत माता की जय के उद्घोष करने लगे। पूरा पांडाल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
राव अजातशत्रु ने मेवाड़ की गौरवगाथा को किया जीवंत।
मेवाड़ के सपूत और सूत्रधार कवि राव अजातशत्रु ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, वीरता और स्वाभिमान को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी ओजपूर्ण पंक्तियों ने श्रोताओं में मेवाड़ी होने का गर्व और गौरव का भाव भर दिया। उन्होंने मेवाड़ की अस्मिता और वीरांगना पद्मिनी के जौहर की परंपरा का उल्लेख करते हुए अपनी कविता से दर्शकों को भावविभोर किया। उनकी प्रस्तुति पर पांडाल तालियों से गूंज उठा।
चेतन चर्चित की हास्य कविताओं ने लगाए ठहाके।
नई दिल्ली से आए हास्य कवि चेतन चर्चित ने अपनी हास्य रचनाओं से दीपावली मेले में हंसी की फुलझड़ियां छोड़ दीं। उन्होंने जीवन की चुनौतियों और सकारात्मक सोच को अपनी कविता में पिरोते हुए कहा
हर महफिल में हंसते गाते रहना है,
हमको अपना दर्द छुपाते रहना है।
अंधियारे के पांव नहीं टिकने देना,
सबके दर पे दीप जलाते रहना है।
उनकी हास्यपूर्ण और व्यंग्यात्मक प्रस्तुति पर दर्शक देर तक हंसते रहे। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा निगम प्रांगण गूंजायमान हो उठा।
कवि सम्मेलन में कवि शैलेश लोढ़ा, जगदीश सोलंकी, विष्णु सक्सेना, राव अजातशत्रु, संजय झाला, शशि श्रेया एवं चेतन चर्चित ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हास्य, वीर रस, श्रृंगार और साहित्य के विविध रंगों से सजी इस काव्य संध्या ने दीपावली मेले की सातवीं शाम को यादगार बना दिया।
सायंकाल ही भर गया मेला प्रांगण।
निगम उपायुक्त एवं मेला अधिकारी हरि सिंह देवल ने बताया कि कवि सम्मेलन शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में शहरवासी मेला प्रांगण पहुंच गए थे। गुलाबी ठंड के बीच देर रात तक चले इस आयोजन में श्रोता अंत तक डटे रहे। कवियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों की लगातार तालियों और उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

