इग्नू में डिजिटल शिक्षा एवं विद्यार्थी सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
अब प्रोजेक्ट तथा असाइनमेंट होंगे ऑनलाइन जमा
लक्ष्मणगढ़. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर, सरल एवं समयबद्ध शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस संबंध में इग्नू अध्ययन केंद्र 2312 के समन्वयक डॉ. जितेंद्र कांटिया ने बताया कि इस नई व्यवस्था के अंतर्गत विद्यार्थी अपने असाइनमेंट, प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं शोध कार्यों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। असाइनमेंट जमा करवाने के लिए अध्ययन केंद्र पर हार्ड कॉपी प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
पोर्टल के माध्यम से अपने प्रोजेक्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे तथा विद्यार्थी ओएएमएस पोर्टल के माध्यम से अपने असाइनमेंट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। दिसम्बर की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के लिए असाइनमेंट अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर तथा प्रोजेक्ट अपलोड करने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर है अतः सभी उक्त दिनांक तक अपने असाइनमेंट और प्रोजेक्ट जमा करवाना सुनिश्चित करे।
