बड़ी तालाब के पानी एवं किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कलक्टर से मुलाकात
उदयपुर। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा के नेतृत्व में बड़ी तालाब में पानी की समस्या के स्थायी समाधान एवं क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज कलेक्ट्री में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल से मुलाकात कर PHED एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई।
बैठक में बड़ी तालाब में पानी की उपलब्धता, क्षेत्रवासियों को हो रही पेयजल समस्या तथा किसानों को सिंचाई एवं पानी से संबंधित आ रही परेशानियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
विधायक फूलसिंह मीणा ने अधिकारियों से कहा कि बड़ी तालाब क्षेत्र के आमजन एवं किसानों की पानी से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित जाए, ताकि क्षेत्रवासियों एवं किसानों को राहत मिल सके।
बैठक में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, मुकेश जोशी, सोहन गमेती, खूबेश सुथार, महेंद्र सिंह देवड़ा, अजयवीर सिंह देवड़ा, PHED एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
