महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर नगर निगम की पहल, यूनेस्को के सृजनात्मक नगरों की सूची में उदयपुर को शामिल कराने की तैयारी।
सलाहकार संस्था के चयन के लिए निविदा हुई जारी।
विवेक अग्रवाल
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मेवाड़ की प्राचीन परंपराओं, लोककलाओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक खानपान को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम उदयपुर द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। महापौर पारस सिंघवी ने मेवाड़ की सांस्कृतिक धरोहरों को व्यवस्थित रूप से सूचीबद्ध कर उनके संरक्षण, संवर्धन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा योग्य सलाहकार संस्था के चयन के लिए निविदा आमंत्रित की गई है।
निगम महापौर पारस सिंघवी के अनुसार इस पहल के अंतर्गत मेवाड़ की 100 से अधिक पारंपरिक कलाओं, लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यंजनों को सूचीबद्ध कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य उदयपुर को यूनेस्को की सृजनात्मक नगरों की सूची में शामिल कराने की दिशा में प्रयास करना तथा स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।
लोकनृत्य गवरी को मिलेगी वैश्विक पहचान।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि मेवाड़ की प्रसिद्ध गवरी लोकनाट्य परंपरा को विशेष रूप से सूचीबद्ध किया जाएगा। गवरी से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यताओं, धार्मिक आस्थाओं, लोकनाट्य, नृत्य, संगीत, कलाकारों और पारंपरिक प्रस्तुतियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को गवरी की महत्ता से परिचित कराने तथा इस परंपरा के संरक्षण में सहायता मिलेगी। महापौर सिंघवी ने बताया कि अभी हाल ही कुछ समय पूर्व लोकनृत्य गवरी की जानकारी के अभाव में एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर अनर्गल टिप्पणी की गई थी जिसका समूचे मेवाड़ में पूरजोर तरीके से विरोध किया गया था। इतने बड़े स्तर पर होने वाले परंपरागत लोकनृत्य के बारे में दुनिया के लोग अनभिज्ञ है जो बड़ी विडम्बना है। अतः अधिक से अधिक मेवाड़ी संस्कृति से लोग जुड़े या इसकी जानकारी प्राप्त करें इसको लेकर यह कवायद की जा रही हैं।
मेवाड़ के पारंपरिक लोकनृत्यों को किया जाएगा सम्मिलित।
महापौर सिंघवी के अनुसार गवरी के साथ ही मेवाड़ी गैर नृत्य, फूलडोल नृत्य और मेवाड़ में प्रचलित अन्य पारंपरिक लोकनृत्यों का संकलन किया जाएगा। इनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, प्रस्तुति शैली, वेशभूषा, वाद्ययंत्रों और कलाकारों से जुड़ी जानकारी एकत्रित कर लोकनृत्यों की विशिष्ट पहचान स्थापित करने का प्रयास होगा।
पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का होगा संकलन।
मेवाड़ी जल सांझी, शस्त्र पूजन, अश्व पूजन सहित मेवाड़ की विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी इसमें सूचीबद्ध किया जाएगा। इनके ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व का विवरण तैयार कर भावी पीढ़ियों तक इन परंपराओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
मेवाड़ी हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को मिलेगा मंच।
निगम महापौर पारस सिंघवी के अनुसार पिछवाई चित्रकला, लघु चित्रकला, मोलेला टेराकोटा, पारंपरिक वस्त्र निर्माण, ठठेरा कार्य, सिक्लीकर कार्य, काष्ठ कला, वारियो के पत्तल दूने, घांची द्वारा निर्मित बांस की टोकरियां तथा अन्य स्थानीय हस्तशिल्प कलाओं को इस पहल में शामिल किया जाएगा। इन कलाओं से जुड़े कारीगरों, उनकी पारंपरिक तकनीकों, कलात्मक विशेषताओं और आजीविका संबंधी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा।
पारंपरिक मेवाड़ी व्यंजनों को किया जाएगा सम्मिलित।
मेवाड़ की विशिष्ट खानपान परंपरा को भी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए सूचीबद्ध किया जाएगा। इसमें राब, मक्का की रोटी, दाल-बाटी, चूरमा, ढोकले, लपसी, मक्के का खींच सहित अन्य पारंपरिक मेवाड़ी व्यंजनों को शामिल किया जाएगा। इनके निर्माण की पारंपरिक विधियों, स्थानीय सामग्री और सांस्कृतिक महत्व का संकलन किया जाएगा। इससे स्थानीय खानपान को पर्यटन से जोड़ने और पारंपरिक व्यंजन व्यवसायों को प्रोत्साहन देने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक उत्सवों का होगा दस्तावेजीकरण।
उदयपुर सहित मेवाड़ भर में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेलों, धार्मिक आयोजनों, लोक उत्सवों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। इनके इतिहास, आयोजन की विशेषताओं, जनभागीदारी और स्थानीय संस्कृति में योगदान को व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाएगा।
लोक कलाकारों और शिल्पकारों की जानकारी होगी संकलित।
मेवाड़ी विभिन्न लोककलाओं और हस्तशिल्प से जुड़े कलाकारों, कारीगरों, संस्थाओं तथा पारंपरिक कला समूहों का सर्वेक्षण किया जाएगा। उनकी विशेषज्ञता, कार्यशैली, प्रशिक्षण की आवश्यकताओं और रोजगार की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। महिला एवं युवा कलाकारों की भागीदारी बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
सांस्कृतिक पर्यटन को दिया जाएगा प्रोत्साहन।उदयपुर में आने वाले पर्यटकों को यहां की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं से जोड़ने के लिए संभावित गतिविधियों और प्रचार-प्रसार के उपायों का अध्ययन किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि पर्यटक ऐतिहासिक महलों, झीलों और स्मारकों के साथ मेवाड़ की जीवंत लोक परंपराओं, हस्तशिल्प और खानपान का भी अनुभव कर सकें।
पांच वर्षीय कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
निविदा प्रक्रिया के माध्यम से चयनित परामर्शदाता अथवा सलाहकार संस्था उदयपुर की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक क्षमताओं का अध्ययन कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करेगी। इसके अंतर्गत सांस्कृतिक संसाधनों का मानचित्रण, विशेषज्ञों से परामर्श, आवश्यक प्रमाणों का संकलन और आगामी पांच वर्षों के लिए कार्ययोजना तैयार करने का प्रावधान है।
यूनेस्को में नामांकन के लिए तैयार होंगे आवश्यक दस्तावेज।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उदयपुर की सांस्कृतिक विशेषताओं, पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, कलाकारों और रचनात्मक गतिविधियों से संबंधित विवरण, चित्र, मानचित्र एवं अन्य प्रमाण संकलित किए जाएंगे। इनके आधार पर यूनेस्को के निर्धारित मानकों के अनुरूप नामांकन प्रस्ताव तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। इस कार्य हेतु निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है।
जल्द कार्यवाही शुरू करने के महापौर पारस सिंघवी ने दिए निर्देश।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेवाड़ की सांस्कृतिक धरोहरों को केवल सूचीबद्ध करने तक सीमित नहीं रखा जाए , बल्कि उनके संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पर्यटन से जुड़ाव के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने गवरी सहित सभी पारंपरिक कलाओं की विशिष्टता को सामने लाने और स्थानीय कलाकारों एवं शिल्पकारों को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से उदयपुर की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच मिलने, स्थानीय कलाकारों को नए अवसर उपलब्ध होने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावनाएं हैं। उल्लेखनीय है कि यूनेस्को के सृजनात्मक शहरों की लिस्ट में शामिल होने के लिए निर्धारित प्रक्रिया, मूल्यांकन और स्वीकृति आवश्यक है। वर्तमान में नगर निगम द्वारा प्रस्ताव तैयार करने तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण की दिशा में कार्यवाही की जा रही है।
