सृजनशील व्यक्ति अपनी रचनाओं में सदैव अमर रहता है : गुलाबचंद कटारिया
डॉ. प्रदीप कुमावत की पुस्तक ‘मेरी कविता, मेरे चित्र’ का भव्य लोकार्पण, 200 कविताओं और 200 कलाकृतियों का अनूठा संगम
विवेक अग्रवाल
उदयपुर । सृजनशील व्यक्ति अपनी रचनाओं के माध्यम से सदैव जीवित रहता है। देह भले ही नश्वर हो लेकिन व्यक्ति के विचार, कर्म और कृतियाँ उसे युगों-युगों तक अमर बनाए रखते हैं। यह उद्गार पंजाब के राज्यपाल महामहिम श्री गुलाबचंद कटारिया ने आज उदयपुर में शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं चित्रकार डॉ. प्रदीप कुमावत की पुस्तक ‘मेरी कविता, मेरे चित्र’ के भव्य लोकार्पण समारोह में व्यक्त किए।
डॉ. प्रदीप कुमावत द्वारा रचित इस विशिष्ट पुस्तक में उनकी चुनिंदा लगभग 200 कविताओं तथा उनके द्वारा निर्मित लगभग 200 चित्रों एवं कलाकृतियों को समाहित किया गया है। साहित्य और चित्रकला का अनूठा समन्वय प्रस्तुत करने वाला यह ग्रंथ उनकी बहुआयामी सृजनशीलता, कलात्मक दृष्टि और वर्षों की साधना का परिचायक है।
रचनाएँ ही व्यक्ति को अमर बनाती हैं : गुलाबचंद कटारिया
मुख्य अतिथि राज्यपाल पंजाब और प्रशासक चंडीगढ़ गुलाबचंद कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास में ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व हुए हैं जो आज हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं लेकिन उनकी अमर कृतियाँ आज भी उन्हें जीवित रखे हुए हैं। महान चित्रकार राजा रवि वर्मा इसका उदाहरण हैं जिनकी कलाकृतियाँ आज भी विश्वभर में उनकी पहचान बनी हुई हैं। व्यक्ति की देह समाप्त हो जाती है लेकिन उसके श्रेष्ठ कर्म और सृजन समाज की स्मृतियों में सदैव जीवित रहते हैं।
उन्होंने डॉ. प्रदीप कुमावत की पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण ग्रंथ है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, साधना और सृजनशीलता दिखाई देती है। उन्होंने पुस्तक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए डॉ. कुमावत के साहित्यिक एवं कलात्मक प्रयासों की सराहना की।
कविता और चित्रकला का अनूठा संगम - पुस्तक के रचनाकार डॉ. प्रदीप कुमावत ने पुस्तक की रचना-यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें उनकी अब तक की सृजन-यात्रा से चुनी गई कविताओं को स्थान दिया गया है। साथ ही उनकी कुछ चुनिंदा एब्स्ट्रैक्ट पेंटिंग्स को भी इसमें शामिल करने का प्रयास किया गया है। पुस्तक के माध्यम से शब्दों और रंगों के बीच संवाद स्थापित करते हुए भावनाओं, संवेदनाओं, विचारों और जीवन-दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि कविता और चित्रकला दोनों ही अभिव्यक्ति के सशक्त माध्यम हैं। कविता जहाँ शब्दों के जरिए मन के भावों को अभिव्यक्त करती है वहीं चित्र रंगों और आकृतियों के माध्यम से संवेदनाओं को जीवंत बनाते हैं। ‘मेरी कविता, मेरे चित्र’ इसी रचनात्मक सोच का परिणाम है।
डॉ. प्रदीप कुमावत की प्रतिभा का विभिन्न क्षेत्रों में हो रहा सदुपयोग : ताराचंद जैन
समारोह के विशिष्ट अतिथि उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने डॉ. प्रदीप कुमावत की बहुआयामी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि उनकी प्रतिभा का सदुपयोग शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहा है। उनकी सृजनात्मक गतिविधियाँ समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
पारंपरिक सम्मान के साथ हुआ स्वागत
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. प्रदीप कुमावत ने महामहिम गुलाबचंद कटारिया का उपरना ओढ़ाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों की उपस्थिति में पुस्तक का विधिवत लोकार्पण किया गया तथा डॉ. कुमावत ने उन्हें पुस्तक भेंट की।
समारोह में आलोक फतेहपुरा के प्रशासक निश्चय कुमावत, आलोक हिरण मगरी के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर प्रतीक कुमावत, आलोक पंचवटी की प्रधानाध्यापिका डॉ संगीता भारद्वाज, आलोक फतेहपुरा के प्राचार्य वीरेंद्र पालीवाल, नववर्ष समारोह समिति के सदस्य मनमोहन भटनागर, ललित कुमावत, सुनील जैन, संजय कुमावत, चंद्रशेखर चौबीसा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे।
‘
