महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटखावदा में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं पारंपरिक कला का सुंदर प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक मेहंदी डिजाइनों ने भारतीय लोक संस्कृति एवं सौंदर्य परंपरा की झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरिता जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराएँ हमारी पहचान हैं और मेहंदी जैसी पारंपरिक कलाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में प्रथम स्थान पर खुशबू कँवर, द्वितीय स्थान पर शिवानी सोनी तथा तृतीय स्थान पर मुस्कान सैनी रहीं। प्राचार्य महोदया ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं प्रयासों की सराहना की।
