विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कारों के निर्माण में निभा रही अहम भूमिका: नवीन कुमार

 विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कारों के निर्माण में निभा रही अहम भूमिका: नवीन कुमार




उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से रविवार को उदयपुर में प्रांतीय प्रबंध समिति सम्मेलन को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नवीन कुमार ने संस्था की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि विद्या भारती देश का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शिक्षा संस्थान है, जो भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रीयता और राष्ट्रभक्ति को शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। विद्या भारती की शैक्षिक यात्रा वर्ष 1952 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शुरू हुई थी। वर्तमान में संस्था देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों में विद्यालयों तथा अनौपचारिक शिक्षा केंद्रों के माध्यम से शिक्षा का कार्य कर रही है।


उन्होंने बताया कि विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर सहित क्षेत्रों में जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा और संस्कार पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रांत में वर्तमान में 38 प्राथमिक, 85 उच्च प्राथमिक, 76 माध्यमिक तथा 35 उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनके माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।


पत्रकार वार्ता में बताया गया कि विद्या भारती का प्रयास समाज के वंचित और पिछड़े क्षेत्रों तक शिक्षा एवं संस्कार की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए संस्कार केंद्रों, एकल शिक्षक विद्यालयों एवं अन्य माध्यमों से भी कार्य किया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में विशेष रूप से शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।


इस अवसर पर ‘सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम’ सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। वहीं 25 सितंबर 2026 को आयोजित ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम में देशभर में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता का उल्लेख किया गया।


नवीन कुमार ने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी का निर्माण करना है, जो शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से विकसित होने के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। संस्था शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति का भाव विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


प्रचार विभाग, विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की आगामी गतिविधियों एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने