कुलपतियों और विद्वानों का महाकुंभ: 'अखिल भारतीय कुल गुरु सम्मान समारोह' में जुटेंगे देश के शीर्ष शिक्षाविद्
पावलाव धाम में सुप्रीम फाउंडेशन द्वारा तैयार की जाएगी भव्य 'नक्षत्र वाटिका'
जयपुर/नई दिल्ली: देश की शिक्षा, संस्कृति और देववाणी संस्कृत को नई दिशा देने वाले शीर्ष विद्वानों और कुलपतियों को सम्मानित करने के लिए एक भव्य 'अखिल भारतीय कुल गुरु सम्मान समारोह' का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा जगत के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुल गुरुओं (कुलपतियों) और वरिष्ठ प्रोफेसरों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित अलंकरणों से नवाजा जाएगा।
पूज्य संतों का मिलेगा पावन सानिध्य
इस गरिमामयी महाकुंभ के मुख्य आकर्षण और आशीर्वाद प्रदाता परम पूज्य श्री श्री श्री प्रखर जी महाराज होंगे, जिनके दिव्य आशीर्वाद और मार्गदर्शन में यह पूरा समारोह संपन्न होगा।
पावलाव धाम में 'नक्षत्र वाटिका' होगी मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम के बारे में विशेष जानकारी देते हुए सुप्रीम फाउंडेशन के मुख्य समन्वयक श्री श्याम बाबू शर्मा ने बताया कि इस भव्य आयोजन के अवसर पर पावलाव धाम स्थित स्थल पर एक भव्य 'नक्षत्र वाटिका' तैयार की जाएगी। सुप्रीम फाउंडेशन के कुशल निर्देशन में तैयार होने वाली इस वाटिका में विभिन्न प्रकार के नक्षत्रों से जुड़े विशेष पेड़ लगाए जाएंगे, जो पर्यावरण और सनातन संस्कृति के समन्वय के रूप में इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्र होगी।
शीर्ष पदों पर आसीन विद्वान होंगे सम्मानित
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री पवन भंडारी ने बताया कि समारोह में देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और विद्वानों को निम्नलिखित श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा:
• कुलपति शिरोमणि सम्मान: प्रोफेसर मुरली मनोहर पाठक (कुलपति, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली)
• कुलपति विभूषण पुरस्कार: प्रोफेसर रमाकांत पांडे (कुलपति, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार)
• कुलपति रत्न पुरस्कार: प्रोफेसर मदन मोहन झा (कुलपति, जगतगुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर)
• कुलपति मार्तंड पुरस्कार: प्रोफेसर शिव शंकर मिश्र (कुलपति, उज्जैन विश्वविद्यालय)
• कुलपति शिक्षा भूषण पुरस्कार: प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल (कुलपति, अजमेर विश्वविद्यालय)
• शिक्षा मनीषी पुरस्कार: प्रोफेसर धनंजय पांडे (काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी)
• ज्ञान वारिधि पुरस्कार: प्रोफेसर दामोदर शास्त्री (जैन विश्व भारती, लाडनूं)
• ज्ञान भास्कर पुरस्कार: प्रोफेसर विष्णु कांत पांडे (व्याकरण प्रोफेसर, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान, नई दिल्ली - जयपुर परिसर)
• ज्योतिष भूषण पुरस्कार: डॉ. नरोत्तम पुजारी
• ज्ञान भूषण पुरस्कार: प्रोफेसर इंद्र सिंह
• विज्ञान भूषण पुरस्कार: प्रोफेसर प्रकाश
आयोजन समिति की तैयारियाँ तेज
समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कृष्ण मिश्र एवं आयोजन समिति के सचिव श्री गोपाल कृष्ण बियानी विशिष्ट व्यवस्थाओं और प्रबंधन का संचालन संभाल रहे हैं। विद्वानों और कुलपतियों का यह अनूठा समागम और नक्षत्र वाटिका का निर्माण शिक्षा व पर्यावरण जगत में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा।
