खो नागोरियान में आबादी के बीच संचालित गोदामों को लेकर उठे सवाल
पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद भी कार्रवाई पर उठ रहे प्रश्न, प्रशासन के अगले कदम पर जनता की नजर
जयपुर। खो नागोरियान क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित बताए जा रहे कबाड़, प्लास्टिक एवं कतरन के गोदामों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में इस प्रकार के गोदाम संचालित होने से आगजनी सहित अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खसरा नंबर 54, 55, 56, 57 और 58 को गौचर एवं सरकारी भूमि बताया जा रहा है, जहां आबादी बस चुकी है। लोगों का कहना है कि पूर्व में अधिकारियों की ओर से करीब 700 मकानों को हटाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक किसी भी मकान को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में प्रशासन द्वारा किए गए आश्वासनों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्र में पूर्व में हुई पटाखा फैक्ट्री से जुड़ी दुर्घटना में 8 लोगों की मौत के बाद आबादी क्षेत्र में संचालित गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों की मांग है कि प्रशासन आबादी क्षेत्र में संचालित सभी गोदामों की जांच कर उनके दस्तावेज, अनुमति, भूमि उपयोग और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पूर्व में कई गोदामों को सील करने की कार्रवाई की गई थी। यदि सील किए गए गोदाम बाद में दोबारा संचालित हो रहे हैं, तो उन्हें किस प्रक्रिया के तहत खोला गया, इसकी भी जांच होनी चाहिए।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए और आबादी क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंक�