एक समय, एक लय और एक स्वर में गूंजा राष्ट्रगीत वंदे मातरम्

 एक समय, एक लय और एक स्वर में गूंजा राष्ट्रगीत वंदे मातरम्



‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत विद्या निकेतन बदनौर हवेली में सामूहिक गायन


उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल।

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत विगत दिवस विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, बदनौर हवेली, उदयपुर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने एक समय, एक लय और एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्या माधवी आमेटा ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर बौद्धिक प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है।


इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक गायन में भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में वंदे मातरम् के स्वर गूंज उठे और वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।


कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के गौरव से परिचित कराया गया। विद्यालय परिवार ने ‘नमामि भारतम्’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने