*फुलेरा में बनेगा प्रदेश का दूसरा इलेक्ट्रिक लोको शेड, 500 इंजन रखने की क्षमता*
रिपोर्टर -:(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
*फुलेरा* -: राजस्थान में इलेक्ट्रिक रेल इंजनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने फुलेरा में प्रदेश का दूसरा इलेक्ट्रिक लोको शेड विकसित करने की कवायद शुरू कर दी है।
रेलवे की योजना के अनुसार यह मेगा लोकोमोटिव मेंटेनेंस व डिपो शेड होगा, जिसमें 500 इलेक्ट्रिक इंजन रखने की क्षमता होगी। परियोजना को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने इस विशेष रेल परियोजना को घोषित करने की प्रक्रिया के तहत गजट पत्र जारी किया है।
*अभी केवल भगत की कोठी में सुविधा*
अभी राजस्थान और उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में केवल जोधपुर के भगत की कोठी लोको शेड में ही इलेक्ट्रिक इंजनों को रखने और उनके रखरखाव की सुविधा है। वहाँ वर्तमान में 200 इलेक्ट्रिक इंजन हैं।
भारतीय रेलवे हर साल 1600 से अधिक नए इलेक्ट्रिक इंजन तैयार कर रहा है। लगातार बढ़ते बेड़े से मौजूदा लोको शेडों पर दबाव बढ़ रहा है। भविष्य की जरूरत के मद्देनजर फुलेरा में नया शेड महत्वपूर्ण कदम होगा।
भगत की कोठी लोको शेड की स्थापना 1972 में मीटरगेज डीजल इंजनों के लिए हुई थी। 1996 में इसे ब्रॉडगेज डीजल इंजनों के अनुरूप अपग्रेड किया गया और 2023 में इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव के लिए उन्नत किया गया। वर्तमान में यहां करीब 200 इलेक्ट्रिक इंजन हैं, जिनमें 85 यात्री ट्रेन इंजन, 103 मालगाड़ी इंजन और 12 अमृत भारत एक्सप्रेस वाले यात्री लोको शामिल हैं। यहाँ नए इलेक्ट्रिक इंजन भी लगातार शामिल हो रहे हैं।
*फुलेरा जंक्शन क्यों महत्वपूर्ण?*
फुलेरा जंक्शन दिल्ली-अहमदाबाद-मुंबई रेल कॉरिडोर और राजस्थान के प्रमुख रेलमार्गों के बीच महत्वपूर्ण स्थान पर है। यह प्रदेश के कई प्रमुख क्षेत्रों और बड़े जंक्शन के लिए रेलमार्ग निकलते हैं। पश्चिम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) से भी अब फुलेरा जुड़ा हुआ है।
इसलिए यह राजस्थान का महत्वपूर्ण जंक्शन है।
