पंचायती राज चुनाव 2026 के मद्देनजर शस्त्र जमा कराने के आदेश जारी
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट गौरव अग्रवाल ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के क्षेत्रों में रहने वाले सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों को अपने हथियार तुरंत जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इन पंचायत समितियों में लागू होगा आदेश
यह आदेश उदयपुर जिले की गिर्वा, कुराबड़, नाई, बड़गांव, गोगुंदा, सायरा, झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, खेरवाड़ा, नयागांव, ऋषभदेव, कल्याणपुर, वल्लभनगर, भींडर, मावली, घासा, कोटड़ा, देवला और सुलाव पंचायत समिति क्षेत्रों में रहने वाले सभी शस्त्र धारकों पर प्रभावी होगा।
हथियार जमा कराने की प्रक्रिया
संबंधित क्षेत्रों के सभी शस्त्र धारकों को अपने हथियार तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन के भारसाधक अधिकारी के पास जमा कराने होंगे। जमा किए गए शस्त्र चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद, यानी चुनाव परिणाम घोषित होने के 01 सप्ताह पश्चात संबंधित पुलिस थाने से वापस प्राप्त किए जा सकेंगे।
यदि कोई अनुज्ञापत्रधारी (लाइसेंस धारक) अपने आत्मरक्षा या किसी अन्य ठोस कारण से हथियार अपने पास रखना चाहता है, तो उसे संबंधित थानाधिकारी को प्रार्थना पत्र देना होगा। यह आवेदन जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष भेजा जाएगा, जो गुण-दोष के आधार पर इस पर निर्णय लेगी।
इन लोगों को मिलेगी छूट
बैंक सुरक्षाकर्मी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), अर्द्धसैनिक बल, सैनिक बल, सशस्त्र पुलिस, सिविल डिफेंस और होमगार्ड्स आदि को छूट रहेगी। ऐसे राज्य एवं केंद्रीय अधिकारी या कर्मचारी जिन्हें कानून-व्यवस्था के तहत ड्यूटी पर हथियार रखने के लिए अधिकृत किया गया है उन्हें भी हथियार नहीं जमा कराने होंगे।
जो लोग लंबे समय से राजस्थान से बाहर रह रहे हैं और चुनाव के दौरान राजस्थान आने की संभावना नहीं है, मंदिर, कंपनी, बैंक और ज्वेलरी शॉप आदि की सुरक्षा में लगे गार्ड, विभिन्न राइफल एसोसिएशन के सदस्य और स्पोर्ट्स पर्सन, जो राइफल एसोसिएशन के मेंबर होकर प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, उन्हें भी छूट रहेगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि उक्त आदेश की पालना न करने वाले शस्त्र धारकों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, 1959 एवं आयुध नियम 2016 के प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं शस्त्र धारक की होगी।
