अहंकार और दुराग्रह से बचकर आत्मकल्याण की ओर बढ़ें : मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज

 अहंकार और दुराग्रह से बचकर आत्मकल्याण की ओर बढ़ें : मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज



उदयपुर। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रात:कालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ने श्रावक-श्राविकाओं को सफल एवं सार्थक जीवन के सूत्र बताते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अपने निज के उत्थान और आत्मकल्याण के लिए मिला है, लेकिन व्यक्ति प्राय: अपने जीवन को परद्रव्य और परभावों में लगा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह विचार करना चाहिए कि जिस उद्देश्य से उसे यह दुर्लभ मनुष्य जीवन प्राप्त हुआ है, क्या वह उस उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है?

मुनि श्री ने कहा कि मन में चलने वाली प्रत्येक बात को हर किसी के सामने प्रकट करना उचित नहीं है। कई बार मन की बातें सार्वजनिक करने से परिस्थितियां बिगडऩे की पूरी संभावना रहती है। यदि जीवन को सफल और सार्थक बनाना है तो कभी भी अभिमानी और दुराग्रही नहीं बनना चाहिए। अभिमान और दुराग्रह से ग्रसित व्यक्ति सत्य के वास्तविक स्वरूप को जानने और स्वीकार करने में समर्थ नहीं हो पाता।

उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ भाव और क्रियाएं विष के समान होती हैं, जबकि कुछ भाव और क्रियाएं अमृत के समान जीवन को श्रेष्ठ बनाती हैं। मनुष्य के विचार, भाव और आचरण उसके जीवन की दिशा और उसकी आयु पर भी प्रभाव डालते हैं। यदि जीवन को स्वस्थ, शांत और सार्थक बनाना है तो अहंकार एवं दुराग्रह से सदैव दूर रहना चाहिए। अहंकार और दुराग्रह व्यक्ति के जीवन को भीतर से कमजोर करते हैं और उसे अपने वास्तविक लक्ष्य से भटका देते हैं।

मुनि श्री ने कहा कि संसार में कोई भी व्यक्ति स्थायी नहीं है। इस दुनिया में अनेक लोग आए, अपना जीवन पूरा किया और चले गए तथा आने वाले समय में भी अनेक लोग आएंगे और चले जाएंगे। यदि इस संसार में कुछ अजर-अमर और शाश्वत है तो वह आत्मा है। इसलिए मनुष्य को संसार की क्षणभंगुर वस्तुओं के पीछे न भागकर अपनी आत्मा को परमात्मा से जोडऩे का प्रयास करना चाहिए। संसार से विदा होने के बाद व्यक्ति के धन, पद अथवा अहंकार को कोई याद नहीं करता, बल्कि उसके सद्गुण और उसके द्वारा किए गए श्रेष्ठ कार्य ही स्मरण किए जाते हैं।

दुराग्रह के संबंध में मुनि श्री ने स्पष्ट किया कि जिसका आग्रह सत्य के विपरीत हो और जो अपनी ही बात को सही मानकर उस पर अड़ा रहे, वही दुराग्रह है। यदि जीवन को सफल बनाना है तो अपने अभिप्राय को शुद्ध और सुरक्षित रखना चाहिए। व्यक्ति को ‘मैं’ और ‘मेरा’ के अहंकार से ऊपर उठकर आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सदैव ‘मैं’ और ‘मेरा’ में ही जीता है, वह अपने वास्तविक स्वरूप को भूल जाता है।

मुनि श्री ने कहा कि संसार में कोई भी वस्तु और कोई भी स्थिति स्थायी नहीं है। चाहे व्यक्ति किसी भी वेशभूषा में हो, स्त्री हो या पुरुष—सभी के लिए जीवन का मूल संदेश एक ही है कि अहंकारी और दुराग्रही बनने से बचें। उन्होंने कहा कि समय और परिस्थितियों के अनुसार जो होना है, वह अपने समय पर होगा। इसलिए अनावश्यक चिंता, अहंकार और हठ को छोडक़र आत्मा के कल्याण की ओर बढऩा चाहिए। अहंकारी और दुराग्रही व्यक्ति को सत्य का आश्रय कभी प्राप्त नहीं होता।

जतिन श्रीमाली ने लिया आशीर्वाद

पारस चित्तौड़ा ने बताया कि हिरण मगरी वार्ड-33 से भाजपा प्रत्याशी जतिन श्रीमाली ने आदिनाथ भवन, सेक्टर-11 में विराजित मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के प्रात:कालीन धर्मसभा में पहुंचकर गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमाली ने मुनि श्री को श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर अशोक कुमार शाह, महावीर सिंघवी, पारस चित्तौड़ा, मदन देवड़ा सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक संपन्न

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रात:कालीन बेला में मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा से पूर्व मुनि श्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अशोक कुमार शाह, महावीर भाणावत, कमल कान्त जोलावत , हरि मोहन जैन, केलाश चित्तौड़ा, जतिन श्रीमाली, रवीश मुडलीया, मुकेश मुडलीया, चन्द्र प्रकाश कारवां सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ प्राप्त किया।

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन व्यवस्था

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आदिनाथ भवन की भोजनशाला में प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने