राजकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

 राजकीय कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया


जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।

प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने अपने संबोधन में “समाज सेवा से शिक्षा और शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा” की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेविकाओं को समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्राओं में सेवा-भावना, सामाजिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा एवं इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं स्थापना दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेवा के महत्व, स्वयंसेविकाओं की भूमिका तथा महाविद्यालय द्वारा गोद ली गई बस्ती में किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर श्रमदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। NSS स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय भवन एवं परिसर की साफ-सफाई की। छात्राओं ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर श्रम की गरिमा, स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।

इस अवसर पर छात्राओं अंकिता शर्मा एवं परी शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना एवं समाज सेवा से संबंधित विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भाषण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेविका जिया चौधरी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत NSS लक्ष्य गीत एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई तथा समापन जन गण मन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. अजय जाखड़, डॉ. किरण मीणा, डॉ. नीलम नागोरा, डॉ. शशिकांत शर्मा सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में NSS स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सेवा, स्वच्छता, श्रम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने