कामी और अहंकारी व्यक्ति आंखें होते हुए भी अंधों के समान है- मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज

 कामी और अहंकारी व्यक्ति आंखें होते हुए भी अंधों के समान है- मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज


अपने विवेक और संस्कारों से जीवन को सार्थक बनाएं


उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रातःकालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ने श्रावक-श्राविकाओं को सफल, सार्थक एवं संस्कारित जीवन के सूत्र बताते हुए कहा कि मनुष्य को अपने विवेक और सजगता से यह पहचानना चाहिए कि वास्तव में कौन अंधा है और कौन देखने वाला।

मुनिश्री ने कहा कि दुनिया में ऐसे अनेक व्यक्ति हैं, जिनके पास आंखें तो हैं, लेकिन वे वास्तविकता को देख नहीं पाते। कामातुर और अहंकारी व्यक्ति आंखें होते हुए भी अंधे के समान होते हैं। कामवासना और अहंकार के वशीभूत होकर उनकी विवेक-दृष्टि समाप्त हो जाती है और उन्हें सही-गलत का भान नहीं रहता।

उन्होंने कहा कि यदि आपकी इंद्रियां आपके नियंत्रण में हैं, आप अपने द्रव्य, क्षेत्र, काल और भाव को शुद्ध रखते हैं, विवेक का उपयोग करते हैं तथा नियमित स्वाध्याय करते हैं तो आपका मन कभी भटकेगा नहीं। आप जीवन में किसी प्रकार के अंधेपन का शिकार नहीं होंगे और प्रत्येक परिस्थिति को सावधानी एवं विवेक के साथ देख सकेंगे। इसलिए कामातुरता और अहंकार से बचना आवश्यक है, अन्यथा आंखें होते हुए भी मनुष्य अंधा कहलाएगा।

व्यक्तित्व को ऊंचा बनाना स्वयं की जिम्मेदारी

मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ने कहा कि अपने व्यक्तित्व को उच्च, उज्ज्वल और प्रभावशाली बनाना प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत कर्तव्य है। दूसरों के शब्दों अथवा कार्यों के आधार पर कोई व्यक्ति अपने व्यक्तित्व को ऊंचा नहीं बना सकता। यदि जीवन और व्यक्तित्व को बेहतर बनाना है तो उसके लिए स्वयं को कर्म के प्रति समर्पित करना होगा और निरंतर पुरुषार्थ करना होगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में आज नैतिकता और संस्कार कहीं पीछे छूटते जा रहे हैं। आधुनिकता की अंधी भीड़ में व्यक्ति के संस्कार या तो खो रहे हैं या उन्हें समाप्त किया जा रहा है। बिना नैतिकता और संस्कारों के जीवन कभी सफल और सार्थक नहीं हो सकता।

संस्कार और नैतिकता ही परिवार की वास्तविक पहचान

मुनिश्री ने कहा कि एक समय था, जब घर के बुजुर्ग अथवा मुखिया घर के बाहर बैठकर परिवार की सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर रखते थे। उनका प्रयास रहता था कि कोई अराजक तत्व घर में प्रवेश न कर सके। आज समय बदल गया है। घरों में मुखिया तो चाहिए, लेकिन घर के बाहर बैठकर परिवार की मर्यादा और संस्कारों की रक्षा करने वाला नहीं, बल्कि दीवार पर टंगी तस्वीर में माला पहने हुए मुखिया दिखाई देता है। ऐसे में हमें स्वयं से पूछना चाहिए कि हमारी नैतिकता और पारिवारिक संस्कार कहां चले गए?

उन्होंने कहा कि पहले बच्चे अपने माता-पिता के चरण स्पर्श करते थे, मंदिर जाते थे और बड़ों का सम्मान करना अपने संस्कारों का हिस्सा मानते थे। लेकिन आधुनिकता की अंधी दौड़ में बच्चों से ये संस्कार और नैतिक मूल्य धीरे-धीरे दूर होते जा रहे हैं।

मुनिश्री ने आह्वान किया कि जीवन में संस्कारी बनें, नैतिकता को अपनाएं, इंद्रियों पर नियंत्रण रखें और कामातुरता एवं अहंकार के कारण आंखें होते हुए भी अंधे न बनें।

भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रातःकालीन बेला में मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अशोक शाह, पारस चित्तौड़ा, कमलकांत जोलावत, महावीर सिंघवी, भंवर मुण्डलीय, राजेश देवड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन व्यवस्था

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आदिनाथ भवन की भोजनशाला में प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने