क्रोध और लोभ से बचें, विवेक और संयम से जीवन को बनाएं सफल

 क्रोध और लोभ से बचें, विवेक और संयम से जीवन को बनाएं सफल 



उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रात:कालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज श्रावक-श्राविकाओं को सफल, सार्थक एवं संस्कारित जीवन के सूत्र बताते हुए कहा कि यदि जीवन में शांति से जीना है तो क्रोध से दूर रहें और लोगों के दिलों में जगह बनानी है तो लोभ से दूर रहना होगा।

मुनि श्री ने कहा कि क्रोधी और लोभी व्यक्ति न तो स्वयं के हो पाते हैं और न ही दूसरों के। क्रोध में मनुष्य अपना आपा खो देता है और लोभ में विवेक खो बैठता है। क्रोधी और लोभी व्यक्ति इस संसार में ऐसे होते हैं, जिनके पास आंखें तो होती हैं, लेकिन वे वास्तविकता को देखने में असमर्थ होते हैं। इसलिए मनुष्य को अपने विवेक, सजगता और आत्मचिंतन के माध्यम से यह पहचानना चाहिए कि वास्तव में कौन अंधा है और कौन देखने वाला।

उन्होंने कहा कि क्रोध की जगह क्रोध भी जरूरी है और लोभ की जगह लोभ भी जरूरी है, लेकिन इनका उचित उपयोग और मर्यादा का ज्ञान होना चाहिए। जहां अनुशासन की आवश्यकता हो, वहां बच्चों में अनुशासन की भावना विकसित करने के लिए किया गया सीमित क्रोध अनुचित नहीं है। लेकिन क्रोध कब करना है, कितना करना है, कहां करना है, कहां नहीं करना है, कहां बोलना है और कहां मौन रहना है—इन सभी बातों का विवेक जीवन में होना चाहिए।

मुनि श्री ने कहा कि जहां अपने हक और अधिकार की बात हो, वहां अपने अधिकार की रक्षा के लिए दृढ़ता आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति आपके उचित अधिकार पर कब्जा करने का प्रयास करे तो वहां क्रोध किया जा सकता है, लेकिन उस क्रोध का भी तापमान और सीमा निर्धारित होनी चाहिए।

तवे पर रोटी और क्रोध का तापमान

मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ने क्रोध की उपयोगिता और उसकी सीमा को समझाते हुए कहा कि तवे पर रोटी तभी सिकती है, जब उसके नीचे आग हो। यदि रोटी को समय पर तवे पर नहीं रखा जाए तो वह नहीं सिकेगी और यदि सिकने के बाद उसे समय पर तवे से नहीं उतारा जाए तो वह जल जाएगी और खाने योग्य नहीं बचेगी।

इसी प्रकार जीवन में क्रोध भी उतना ही होना चाहिए, जितने में सामने वाले में अनुशासन आ जाए। यदि आवश्यकता से अधिक क्रोध किया जाएगा तो बात बनने से पहले ही बिगड़ जाएगी।

उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन का सबसे बड़ा शत्रु उसका अनियंत्रित क्रोध है। इसलिए यदि जीवन को सफल, सुखी और सार्थक बनाना है तो क्रोध और लोभ दोनों से बचना होगा। इनके उचित उपयोग, मर्यादा और नियंत्रण को समझना ही संस्कारित जीवन की पहचान है।

भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक संपन्न

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रात:कालीन बेला में मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर अशोक शाह,रमेश शाह, पुष्पेन्द धन्नावत सहित सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा से पूर्व मुनि श्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर मुनि श्री के प्रवचन का श्रवण किया और धर्मलाभ प्राप्त किया।

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन व्यवस्था

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आदिनाथ भवन की भोजनशाला में प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने