माय भारत पोर्टल पर छात्राओं के पंजीकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जयपुर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में माय भारत पोर्टल पर छात्राओं के पंजीकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को माय भारत पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों, गतिविधियों एवं युवा सहभागिता से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आए मुख्य वक्ता शरद त्रिपाठी एवं प्रहलाद जी ने छात्राओं को माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल युवाओं को विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं को पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न गतिविधियों एवं अवसरों से जुड़ने के लाभों के बारे में भी बताया।
मुख्य वक्ताओं ने छात्राओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया तथा पंजीकरण के दौरान आवश्यक जानकारी भरने एवं उपलब्ध गतिविधियों में भाग लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका त्रिपाठी ने की। उन्होंने छात्राओं को माय भारत पोर्टल से जुड़कर अधिक से अधिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं के विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी श्री वीरेंद्र वर्मा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वितीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
