कोड़ी में श्रद्धा व उल्लास से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया उत्साह, मध्यरात्रि में गूंजे नंद के जयकारे
संवाददाता : गौरव पारीक
कोड़ी। श्री ठाकुर जी महाराज मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी, रंग-बिरंगे गुब्बारों व फूलों से सजाया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।कार्यक्रम के तहत मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मटकी फोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। भजन-कीर्तन एवं भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।जन्माष्टमी के अवसर पर माताओं ने अपने बच्चों को बाल गोपाल के स्वरूप में सजाया, जिससे मंदिर परिसर में कृष्णमय वातावरण नजर आया। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर में विशेष आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए।
आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के महंत गुरुदेव श्री दयाल महाराज गौड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।आयोजन में पंडित चंद्रप्रकाश गौड़, दयाशंकर गौड़, रतनलाल कुमावत, लक्ष्मण सिंह, राजपाल सिंह, प्रताप दुधवाल, जयराम कुमावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।भक्तों से अपील: मंदिर महंत गुरुदेव श्री दयाल महाराज गौड़ ने श्रद्धालुओं से मंदिर की धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा आगामी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
