जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन
टैगोर पब्लिक स्कूल थोई के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
थोई। टैगोर पब्लिक स्कूल थोई के विद्यार्थियों द्वारा जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने कठपुतली एवं चौराहे पर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
नाटक के माध्यम से लोगों को पेड़-पौधों की कटाई रोकने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए प्रकृति को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व स्काउट मास्टर मनीष कुमावत ने किया। कार्यक्रम की सराहना सीओ स्काउट बसंत कुमार लाटा, सचिव सुवालाल कुमावत, सहायक सचिव घासी राम वर्मा, प्रभारी कमिश्नर एवं प्रधानाचार्य शम्भूदयाल शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
