*बारिश ने खोली नीमकाथाना नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल*
*डेढ़ घंटे की बारिश में सड़कें बनी जलभराव का शिकार, नालियों में कचरे के ढेर; सफाई व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल*
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज ,राजस्थान
नीमकाथाना क्षेत्र मे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को गत दिनों मे हुई बारिश से राहत जरूर मिली, लेकिन करीब डेढ़ घंटे की बारिश ने नीमकाथाना शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की हकीकत भी सामने ला दी। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ा। हिचकोले लेती सड़कों और जमा पानी ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी।
बारिश के बाद नालियों में बहकर आया कचरा जगह-जगह इकट्ठा दिखाई दिया। सवाल यह है कि जब सफाई व्यवस्था के नाम पर नगर पालिका को बजट मिलता है और सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था है, तो बारिश के बाद नालियां कचरे से क्यों अटी नजर आती हैं?
*सड़कों की मिट्टी,कचरा सफाई के समय नालियों मे*
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर एक और गंभीर सवाल सामने आ रहा है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर सफाई के दौरान सड़कों से मिट्टी और कचरे को नालियों में डाल दिया जाता है। नालियों के किनारे मिट्टी को इकट्ठा करके उठाने के बजाय नालियों में सफाई के दौरान गिराया जाता है डिवाइडरों के पास मिट्टी इकट्ठी करने के बाद जल्द उठाई नहीं जाती जिससे बारिश आने पर वह बहकर सड़क पर आ जाती है और फिसलन गंदगी बढ़ जाती है कीचड़ का रूप भी वह मिट्टी ले लेती है। ऐसे में सफाई के बजाय कचरा नालियों में पहुंचकर जल निकासी की समस्या को और बढ़ा रहा है।
वहीं कचरा टिप्परों की व्यवस्था को लेकर भी आमजन में नाराजगी है। टिप्परों के संचालन का समय और कचरा उठाने के स्थान को लेकर स्पष्टता नहीं होने से कई जगह कचरा सड़कों पर पड़ा दिखाई देता है। कुछ टिप्परों से कचरा उड़कर वापस सड़कों पर फैलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। कचरे को ढकने के लिए पर्दे नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
*माइक-साउंड व्यवस्था भी सवालों के घेरे में*
नगरपालिका की स्वच्छता व्यवस्था में आमजन को जागरूक करने के लिए लगाए गए माइक-साउंड सिस्टम भी कई स्थानों पर बंद रहने की बात सामने आती है ऐसे में सवाल उठता है कि यदि व्यवस्थाएं कागजों में पूरी है तो धरातल पर उनका असर आमजन को क्यों नजर नहीं आ रहा।
*एक ही एरिया फिर सफाई व्यवस्था में इतना अंतर क्यों*
शहर वासियों का सवाल है कि एक ही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी तय होने के बावजूद कहीं सफाई दिखाई नहीं देती है तो कहीं कचरे के ढेर नजर आते हैं सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति क्षेत्रवार जिम्मेदारी और काम की निगरानी को लेकर भी प्रदर्शित जरूरी है।
*क्या सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग हो रही है*
*क्या वार्डवार सफाई का रिकॉर्ड धरातल पर भी जांचा जा रहा है*
*क्या कचरा टिप्परों के संचालन का निर्धारित समय और रूट आमजन को पता है और क्या सफाई कार्यो का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
*वार्ड नंबर 16 वर्तमान में 32 में तो यह हाल है*
कि कचरे की गाड़ी रास्ता होने के बावजूद छह सात घरों में नहीं जाती है, जबकि वहां पर पर्याप्त रास्ता है लेकिन अपनी मनमर्जी से यह नगर पालिका प्रशासन उस कचरे की गाड़ी को डोर टू डोर नहीं ले जाकर अपनी मनमानी कर रहे हैं ।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (वर्तमान ईओ)ने स्वयं मौका देखा है और अन्य नगर पालिका के जमादार और कर्मचारियों ने मौका देखा है लेकिन अपनी मनमर्जी कारण आगे के 5 -6 घरों में कचरे की गाड़ी डोर टू डोर नहीं जाती ।
वार्ड के निवासी दिलीप सिंह और महावीर प्रसाद शर्मा टोड़ा वाले के मकान तक रास्ता होने के बावजूद वहां पर कचरे की गाड़ी नहीं जाती ।जबकि वहां पर एक महीने में चार बार पानी का टैंकर जाता है और वापस खाली होकर आता है ऐसे में कचरे की गाड़ी ही इतनी क्या बड़ी हो गई कि वह आगे नहीं जाती यह सिर्फ और सिर्फ नगरपालिका प्रशासन और यहां के गिने-चुने अपने आप को नेता समझने वाले लोगों के कारण ऐसा हो रहा है। जिसकी व्यवस्था को सुधारना नगर पालिका का महत्वपूर्ण कार्य है।
*बजट से ज्यादा जरूरी है धरातल पर परिणाम*
स्वच्छता अभियान केवल बजट जारी होने या कागजों में व्यवस्थाएं दर्ज होने से सफल नहीं होगा, इसका वास्तविक मूल्यांकन तब होगा जब शहर की सड़क साफ हो और नालियां कचरा मुक्त हो, और नालियों से कचरा समय पर उठे, बारिश के दौरान जल भराव की समस्या नहीं हो।
नीमकाथाना नगर पालिका को चाहिए कि अधिकारी अचानक वार्ड और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण करें ।
सफाई कर्मचारियों से मौके की जानकारी ली जावें और आमजन से सीधे फीडबैक प्राप्त करें, कागजी रिपोर्ट के बजाय धरातल की स्थिति को प्राथमिकता दी जाए ।
शहरवासी चाहते हैं कि नीम का थाना की सड़क ,सफाई और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर हो स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ने के लिए केवल बजट और अभियान पर्याप्त नहीं है व्यवस्था का असर आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई देना जरूरी है।
*अब सवाल यह है कि नगर पालिका और जिम्मेदार अधिकारियों से की क्या बारिश से हर बार शहर की सफाई और सड़क व्यवस्था की पोल खोल रहेगी या इस बार धरातल पर स्थाई सुधार दिखाई देगा*


