भजनों से गूंजा सिंगोद कलां गांव
निकली तेजाजी महाराज की बिंदोरी
भक्ति में डूबा सिंगोद कलां,
तेजाजी महाराज की बिंदोरी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सुदामा सेन और सोनम गुर्जरी ने बांधा समां,
गायक कलाकार बाबूलाल चौधरी का ग्रामीणों ने किया सम्मान
चौमूं। ग्राम सिंगोद कलां स्थित श्री वीर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर बुधवार रात भक्ति और लोक संस्कृति से सराबोर रहा। चौधरी साउंड हाड़ोता के मालिक एवं गायक कलाकार बाबूलाल चौधरी एंड पार्टी के तत्वावधान में भजन संध्या और बिंदोरी कार्यक्रम हुआ। इसमें भजन सम्राट गुरुदेव कवि सुदामा सेन, भजन गायिका सोनम गुर्जरी सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में बांधे रखा।
सुदामा सेन ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। वहीं सोनम गुर्जरी ने धार्मिक एवं लोक भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया और तेजाजी महाराज की विशेष झांकी सजाई गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज की बिंदोरी निकाली। बिंदोरी मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान धूघरी का प्रसाद वितरित किया गया।
धार्मिक आयोजन भाईचारे और संस्कृति से जोड़ते हैं
चौमूं विधायक डॉ. शिखा मील ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और श्रद्धा की भावना को मजबूत करते हैं। पंचमुखी हनुमान मंदिर आश्रम सिंगोद के महंत ओंकारदास जी महाराज ने कहा कि तेजाजी महाराज के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं।
आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने संयोजक एवं गायक कलाकार बाबूलाल चौधरी का माला व साफा पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। बाबूलाल चौधरी ने श्रद्धालुओं, अतिथियों और कलाकारों का आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रदेश महामंत्री छुट्टन यादव, पूर्व सरपंच त्रिलोक लोच्छिब, पूर्व सरपंच सरदार सिंह जाखड़, पवन चोपड़ा, कजोड़ चोपड़ा, पेमाराम घोसल्या, गणेश चोपड़ा, छात्र नेता अनुराग शर्मा, मोहन बराला, भामाशाह गोपाल खातोदिया, रवि ऐचरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

