नीमकाथाना नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरे नामांकन*

 *नीमकाथाना नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरे नामांकन*




*अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी तस्वीर हुई साफ, 21 सितंबर को पार्षद करेंगे मतदान*

रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत)जनतंत्र की आवाज,राजस्थान 

नीमकाथाना। क्षेत्र मे नगर पालिका चुनाव 2026 के पार्षद चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब नीमकाथाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कांग्रेस और भाजपा की ओर से प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर तस्वीर अब काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी होने के बाद 15 और 16 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया निर्धारित थी। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा और मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

                                *कांग्रेस से महेश मेगोतिया ने दाखिल किया नामांकन*

                                नामांकन के दूसरे दिन कांग्रेस की ओर से महेश मेगोतिया ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। कांग्रेस के पास 23 पार्षद साथ हैं।

नामांकन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से नीमकाथाना नगर पालिका क्षेत्र के विकास को गति देने तथा परिसीमन के बाद नगर पालिका में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

                               *भाजपा की ओर से रणजीत सिंह मंगावा मैदान में*

                                       वहीं भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 29 से निर्वाचित रणजीत सिंह मंगावा ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान वार्ड नंबर 3 से निर्वाचित भाजपा पार्षद प्रमोद सिंह बाजोर, भाजपा कार्यकर्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता मनीराम जाखड़, चौथमल गर्ग सहित कई वरिष्ठ नागरिक एवं समर्थक मौजूद रहे।

भाजपा प्रत्याशी ने नगर पालिका के समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उनका कहना था कि अध्यक्ष बनने के बाद आमजन के अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और नीमकाथाना नगर पालिका के विकास की गति को निरंतर बनाए रखने का प्रयास रहेगा वहीं भाजपा के वार्ड नंबर 3 से विजय पार्षद में प्रमोद सिंह बाजोर ने कहा कि पार्टी की ओर से पूरी कोशिश करेगी कि नीमकाथाना नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बने और शहर वासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति की जाए ।भाजपा के पास 17 पार्षद हैं।

*नीमकाथाना के 40 वार्डों के पार्षद करेंगे अध्यक्ष का चुनाव*

नीमकाथाना नगर पालिका में कुल 40 वार्ड है ।2026 के चुनाव परिणाम के उपलब्ध आंकड़ों में कांग्रेस और भाजपा के साथ में निर्दलीय पार्षद भी निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष पद का फैसला सीधे आम मतदाताओं के बजाय निर्वाचित पार्षदों के मतदान से होगा। 

अब 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर को नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव की अंतिम तस्वीर सामने आएगी ।उसके बाद 21 सितंबर को निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे और मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना के जरिए नगर पालिका के नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। 

विकास के अगले अध्याय पर टिकी शहर वासियों की निगाहें अध्यक्ष पद की दौड़ अब केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि नीमकाथाना के आगामी विकास की दिशा से भी जुड़ी हुई है। सड़क, सफाई, पेयजल ,नाली निकासी, रोशनी, यातायात व्यवस्था , सौंदर्यीकरण  और परिसीमन के बाद नगरपालिका में शामिल नए क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर शहर वासियों की अपेक्षाएं बनी हुई है।

अब निगाहें 21 सितंबर पर टिकी है ,जब पार्षदों के मतदान के बाद नीमकाथाना नगर पालिका को नया अध्यक्ष मिलेगा और उपाध्यक्ष का भी चुनाव होगा।इसके साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि आने वाला नगर पालिका बोर्ड विकास की मौजूदा गति को किस दिशा में आगे बढ़ाता है और आमजन के अपेक्षाओं को धरातल पर किस तरह आकार मिलता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने