अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमके सितारे, अनुष्का संस्थान ने किया सम्मान
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर 3 स्थित अनुष्का संस्थान द्वारा कुआलालंपुर, मलेशिया में हाल ही में संपन्न हुई साउथ ईस्टर्न एशियन लेक्रोस गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश एवं राजस्थान का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अनुष्का संस्थान के निदेशक श्री राजीव सुराणा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का, बल्कि पूरे राजस्थान और देश का नाम रोशन किया है। जनजातीय क्षेत्र की प्रतिभाओं का अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
प्रशिक्षक नीरज बत्रा के मार्गदर्शन में राजस्थान के जनजाति क्षेत्र की 9 बेटियों ने भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व किया।
नीरज बत्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बताया कि टीम ने अपनी असफलताओं को कमजोरी नहीं, बल्कि सीख के रूप में स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि हर चुनौती और असफलता से सीख लेकर टीम ने खुद को और मजबूत बनाया है। इसी जज्बे और आत्मविश्वास के साथ अब सभी खिलाड़ी अपने अगले मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें कप्तान डाली गमेती, सुनीता मीणा, यशिष्ठा बत्रा, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, विशाखा मेघवाल, यशोदा गमेती, रोशनी बोस एवं जानवी राठौड़ शामिल रहीं। पुरुष वर्ग में भी राजस्थान के जनजाति क्षेत्र के 6 खिलाड़ियों मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, नारायण लाल गमेती, निशांत नागदा, दयाशंकर गमेती ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यशिष्ठा बत्रा अनुष्का संस्थान की छात्रा रह चुकी हैं। साथ ही नीमा गमेती, चंदा गमेती, डिम्पल गमेती, प्रीता कवर, हेमलता डांगी, प्रणय त्रिपाठी, पीयूष मेनारिया, मुकेश गमेती, नीरज मीणा, सक्षम शर्मा, वैदिक शर्मा, हर्षित वैष्णव, यश सांखला, भव्य घवारिया, मोहित डांगी भी उपस्थित थे ।उनके द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन करना संस्थान के लिए विशेष गौरव का विषय है। उनकी सफलता संस्थान के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है और यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और समर्पण से प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित करते हुए संस्थान की ओर से उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने भी संस्थान द्वारा दिए गए सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि मलेशिया में आयोजित प्रतियोगिता में राजस्थान के जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उदयपुर सहित पूरे राजस्थान में गौरव का माहौल है। इस अवसर पर संस्थान से भूपेश परमार, कृतिका शर्मा , हर्षिता चौहान, जितेंद्र मेनारिया, लोकेन्द्र सिंह, गिरिराज जोशी, गिरजा सालवी, सपना कोठारी, हरप्रीत कौर, कशिश पुजारी, नीलम औदीच्य, वर्षा कुँवर, धनवंती, गणेश देवासी, प्रकाश आदि उपस्थित रहे।
