क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों का बढ़ता जाल, मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप
पाटन--- पाटन-वाटी क्षेत्र में इन दिनों झोलाछाप डॉक्टरों का कथित रूप से बढ़ता जाल आमजन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित किए जाने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे चिकित्सकों द्वारा मरीजों का उपचार करने के साथ उन्हें क्लीनिक में भर्ती तक किया जा रहा है, जिससे गंभीर स्थिति में मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कुछ ऐसे लोग भी एलोपैथिक दवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनकी डिग्री एलोपैथी चिकित्सा से संबंधित नहीं है। आरोप है कि मरीजों के उपचार में बिना विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के विभिन्न दवाओं का उपयोग किया जाता है, जिनमें स्टेरॉयड जैसी दवाएं भी शामिल हैं। गलत तरीके से दवा दिए जाने से मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार धांधेला, डाबला, पाटन, न्यौराणा, करजो,काचरेडा,कोलाकीनागल, घासीपुरा , रायपुर और रामपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में इस तरह के कई क्लीनिक संचालित होने की चर्चा है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियां चलने के बावजूद संबंधित स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।नियमों के अनुसार आधुनिक एलोपैथिक चिकित्सा का अभ्यास करने के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता तथा वैध चिकित्सकीय पंजीकरण आवश्यक है। ऐसे में गैर-अधिकृत व्यक्तियों द्वारा एलोपैथिक उपचार किए जाने की शिकायतों की स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच किया जाना जरूरी है।
ग्रामीणों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित निजी क्लीनिकों की जांच करवाने, चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीकरण की पुष्टि करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी गंभीर मरीज की जान पर भी बन सकती है।
