एम बी इमरजेंसी में 24 घंटे मिलेगा अब एंटी रेबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन
उदयपुर, [13 सितंबर 2026] - आमजन की सुविधा को देखते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ आर एल सुमन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब से *एम.बी. चिकित्सालय की ट्रॉमा एवं बाल चिकित्सालय इमरजेंसी में एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) और Human Rabies Immunoglobulin (HRIG) 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहेगी।*
पहले इम्युनोग्लोबुलिन केवल OPD समय में ही मिल पाती थी, जिससे रात में कुत्ता काटने के बाद आए मरीजों को सुबह तक इंतजार करना पड़ता था। रेबीज में हर घंटा कीमती है। इसलिए अब इमरजेंसी में ही स्टॉक रखा गया है।
*एम.बी. हॉस्पिटल में प्रतिदिन का डेटा:*
- रोजाना औसतन *25 से 30* डॉग बाइट / एनिमल बाइट के केस आते हैं।
- इसमें से 60% केस रात 6 बजे के बाद और छुट्टी के दिन आते हैं।
- हर महीने लगभग *500 से 600* मरीजों को ARV लगाया जाता है।
- गंभीर घाव (Category-3) वाले लगभग *200 - 300 मरीजों* को हर महीने HRIG की आवश्यकता होती है।
- सबसे ज्यादा केस शहरी क्षेत्र - हिरणमगरी, भुवाणा, प्रतापनगर और ग्रामीण उदयपुर से आते हैं।
*वर्तमान परिदृश्य में रेबीज क्यों गंभीर समस्या है -*
चिकित्सा अधीक्षक डॉ सुमन ने बताया कि रेबीज 100% जानलेवा लेकिन 100% रोकथाम योग्य बीमारी है।
समस्या यह है कि 80% लोग वैक्सीन का एक डोज तो ले लेते हैं, लेकिन गंभीर घाव में लगने वाला HRIG / RIG जीवनरक्षक इम्युनोग्लोब्युलिन कई जगह उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण मौतें हो जाती हैं।
*नागरिकों से अपील:*
1. कुत्ता, बिल्ली, बंदर काटते ही घाव को 15 मिनट तक बहते पानी और साबुन से धोएं - यही सबसे बड़ा टीका है।
2. झाड़-फूंक, मिर्च, चूना बिलकुल न लगाएं।
3. तुरंत एम.बी. ट्रॉमा इमरजेंसी में आएं - वैक्सीन पूरी तरह मुफ्त है।
4. Category-3 काटने (खून निकलना, कई घाव, चेहरे/हाथ पर काटना) में डॉक्टर की सलाह पर HRIG जरूर लगवाएं।
भारत सरकार का लक्ष्य *2030 तक रेबीज को खत्म करना* है, और एम.बी. अस्पताल इसमें अपनी भूमिका पूरी तरह निभाएगा।
