बडग़ांव में 14 सितंबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा
- भव्य पोथी एवं कलश यात्रा के साथ होगा सात दिवसीय आयोजन का शुभारंभ, तैयारियां पूर्ण
-
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल।। धर्म, भक्ति और अध्यात्म की त्रिवेणी के रूप में बडग़ांव में सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन 14 सितंबर गणेश चतुर्थी से होने जा रहा है। सुथार समाज भवन, मेन रोड, बडग़ांव में आयोजित होने वाली कथा को लेकर श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति में खासा उत्साह है। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और क्षेत्र में अभी से भक्तिमय वातावरण नजर आने लगा है। श्रीमद्भागवत कथा में प्रसिद्ध कथाव्यास पूज्य श्री पुष्कर दास महाराज अपनी मधुर वाणी एवं संगीतमय शैली में श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। महाराज श्री भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के साथ धर्म, भक्ति, संस्कार एवं सत्संग के महत्व का भावपूर्ण वर्णन करेंगे। उनकी सरल, सरस एवं संगीतमय कथा शैली श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेगी।
- भव्य पोथी एवं कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
संयोजक वि_ल वैष्णव ने बताया कि कथा के शुभारंभ अवसर पर 14 सितंबर को शाम 5 बजे भगवान श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से भव्य पोथी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल सुथार समाज भवन पहुंचेगी। कलश यात्रा में महिलाएं लाल चुंदड़ी एवं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए शामिल होंगी। वहीं पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं भगवान के जयघोष के साथ यात्रा में सहभागिता निभाएंगे। भव्य यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिरस और जयघोष से गूंजायमान होगा।
- प्रतिदिन तीन घंटे होगा कथा का आयोजन
श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 7.30 बजे से रात 10.30 बजे तक किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति ने बडग़ांव सहित आसपास के क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने, भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
