आदिनाथ भवन सेक्टर 11 में मनाया उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म दिवस
चारित्र्य निर्माण और चारित्र्य की रक्षा ही उत्तम ब्रह्मचर्य: मुनिश्री आदित्यसागरजी
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में विराजित श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में आदिनाथ दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में पर्युषण महापर्व एवं दश लक्षण धर्म के दसवें दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने धर्माराधना करते हुए मुनिश्री के मंगल प्रवचनों का लाभ लिया। उदयपुर सहित मेवाड़-वागड़ तथा देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मसभा में उपस्थित रहे। चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि पर्युषण महापर्व के सभी धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन जवाहर जैन स्कूल परिसर में बनाए गए विशाल डोम पांडाल में आयोजित किए जा रहे हैं।
ट्रस्ट अध्यक्ष पारस चित्तौड़ा ने बताया कि पर्युषण महापर्व के दौरान श्रावक संस्कार शिविर भी निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं भाग लेकर धार्मिक एवं संस्कारमय जीवन की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। शुक्रवार को आयोजित श्रावक संस्कार शिविर में सौधर्म इंद्र एवं चक्रवर्ती की धार्मिक भूमिकाओं का निर्वहन किया गया। प्रात:कालीन वेला में हुई श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक के लाभार्थी अरुण जी लखावला, कनक मलावत रहे। निर्वाण लड्डू गजेन्द्र शाह बसती लाल जी थाया परिवार रहे।
1008 श्री वासुपूज्य भगवान का मोक्ष कल्याणक मनाया
पारस चित्तौड़ा ने बताया कि मुनिश्री आदित्यसागरजी महाराज के सानिध्य में भाद्र शुक्ला चौदस अनंत चतुर्दशी 25 सितम्बर शुक्रवार को 1008 श्री वासुपूज्य भगवान के मोक्ष कल्याणक के शुभ अवसर पर मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंग सानिध्य में प्रात: 7:15 बजे निर्वाण भगवान को निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। इस मांगलिक आयोजन में सैंकड़ों श्रावक- श्राविकाओंं ने भक्ति भाव से भगवान केजयकारे लगाए और खूब भक्ति की।
आज निकलेगी श्रीजी की भव्य रथ यात्रा
32 एवं सोलह उपवास करने वाले 111 तपस्वियों का पारणा, सकल जैन समाज का स्वामी वात्सल्य
चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि आदिनाथ भवन सेक्टर 11 में मुनिश्री आदित्यसागरजी महाराज के सानिध्य एवं विशुद्ध ज्ञान वर्षायोग समिति एवं आदिनााि दिगम्बर जेन चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त ततवावधान में पर्यूषण महापर्व के तहत श्रद्धा- भक्ति के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन जारी है। इसी के तहत शनिवार 26 सितम्बर को प्रात: 7.30 बजे श्रीजी की भव्य रथ यात्रा निकलेगी। चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि मुनिश्री आदित्यसागरजी महाराज केसानिध्य में निकलने वाली भव्य रथ यात्रा में सकल दिगम्बर जैन समाज के साथ ही मेवाड़- वागड़ एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए हुए श्रावक- श्राविकाएं भाग लेंगे। शोभा यात्रा गवरी चौकसे विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री 1008 आदिनाथ दिगम्बर जेन मन्दिर सेक्टर 11 पहुंचेगी। उसके बाद जाहर जेन स्कूल सेक्टर 11 में स्वामी वात्सल्य होगा।
अध्यक्ष पारस चित्तौड़ा ने बताया कि सोमवार 28 सितम्बर को आदिनाथ भवन सेक्टर 11 में प्रात: 8.30 बजे बत्तीस एवं सोलह उपवास करने वाले तपस्वियों का पारणा महोत्सव होगा। इस महोत्सव के बाद स्वामी वात्सल्य का आयोजन होगा।
कवि सम्मेलन आज
चातुर्मास समिति सेक्टर-11 एवं आदिनाथ दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एवं मुनि श्री आदित्य सागर जी महाराज के सानिध्य में पर्युषण महापर्व के दौरान उपवास एवं विभिन्न तप साधनाएं करने वाले 108 तपस्वियों के सम्मान में 26 सितंबर को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जवाहर जैन स्कूल के प्रांगण में निर्मित विशाल पंडाल में होगा।
आदिनाथ भवन, सेक्टर-11 में विराजित मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस विशेष कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय कवयित्री अनामिका अंबर सहित प्रसिद्ध कवि धीरज शर्मा, कानू पंडित एवं कवयित्री भावना लोहार अपनी ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि कार्यक्रम के सूत्रधार एवं संचालनकर्ता प्रसिद्ध कवि राव अजातशत्रु होंगे। उन्होंने बताया कि तपस्वियों के सम्मान में आयोजित यह कवि सम्मेलन धार्मिक भावना के साथ साहित्य और संस्कृति का भी अनूठा संगम होगा।
कार्यक्रम में उदयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर पारस सिंघवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष शांतिलाल वेलावत एवं नवनिर्वाचित पार्षद जतिन श्रीमाली करेंगे।
इस अवसर पर चातुर्मास समिति की ओर से नवनिर्वाचित मेयर पारस सिंघवी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां जोरों पर हैं और तपस्वियों के सम्मान में होने वाले इस साहित्यिक आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है।
मुनिश्री के प्रवचन.....
चरित्र निर्माण की योजना बनाएं मुनिश्रीआदित्यसागरजी
मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तम ब्रह्मचर्य वह है, जो चरित्र की रक्षा करे और चरित्र का निर्माण करे। सरल शब्दों में कहा जाए तो जो व्यक्ति को पवित्र परिणामों की ओर ले जाए, वही उत्तम ब्रह्मचर्य है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मचर्य धर्म का अर्थ स्वलीनता है। ज्ञानानंद स्वभावी आत्मा को ही अपना मानना, जानना और उसी में जम जाना, रम जाना तथा लीन हो जाना ही ब्रह्मचर्य धर्म है। जो व्यक्ति इस धर्म को अपने जीवन में धारण करता है, वह शीघ्र ही संसार से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ता है। मुनिश्री ने सभी से आह्वान किया कि वे ब्रह्मचर्य धर्म को अपने जीवन में धारण कर आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करें।
मुनिश्री ने कहा कि ब्रह्मचर्य का पालन करना अत्यंत कठिन है। आचार्य ने उत्तम ब्रह्मचर्य के पालन के मार्ग को ‘सुधार मार्ग’ कहा है, जिसका आशय तलवार की धार पर चलने जैसा है। तलवार की धार पर चलना आसान नहीं होता, लेकिन उत्तम ब्रह्मचर्य के मार्ग पर चलना उससे भी अधिक कठिन है। उन्होंने कहा कि जीवन में लाखों-करोड़ों-अरबों रुपये का दान करना भी अपेक्षाकृत सरल हो सकता है, लेकिन ब्रह्मचर्य के मार्ग पर चलना उससे कहीं अधिक कठिन साधना है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में अनेक कार्य करता है। दूसरों की सहायता करना, दान-पुण्य करना और धर्म के मार्ग पर चलना परोपकार की श्रेणी में आता है, लेकिन जब व्यक्ति अपने स्वयं के कल्याण और चरित्र निर्माण के लिए साधना करता है, तो वह आत्मकल्याण की दिशा में कदम होता है। तपस्या और साधना के माध्यम से ही उत्तम ब्रह्मचर्य का पालन संभव है।
मुनिश्री ने कहा कि व्यक्ति अपने जीवन में अनेक योजनाएं बनाता है और उनमें से कई योजनाएं सफल भी होती हैं। लेकिन उत्तम ब्रह्मचर्य दिवस के इस पावन अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को एक नई योजना बनानी चाहिए—‘चरित्र निर्माण की योजना’। जिस दिन व्यक्ति चरित्र निर्माण की योजना पर कार्य करना प्रारंभ कर देगा और साधना के मार्ग पर आगे बढ़ेगा, उसी दिन से उसके जीवन की सार्थकता का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
मुनिश्री ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म को केवल एक दिन के धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन के आचरण और साधना का हिस्सा बनाकर आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ें।
