**पाटन का श्री राम मंदिर आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का प्रतीक बना** *
**देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी कर रहा आकर्षित, श्री राम मंदिर**
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत)जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र के पाटन नगर का श्रीराम मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी प्रमुख केंद्र है। अपनी भव्य वास्तुकला, शांत वातावरण और आकर्षक परिसर के कारण यह मंदिर दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान श्रीराम के दर्शन करने पहुंचते हैं। पाटन महल देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटक भी अक्सर इस भव्य मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महल भ्रमण के साथ श्रीराम मंदिर का शांत और आध्यात्मिक वातावरण उनके आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहता है। सुबह और शाम के समय मंदिर में होने वाली आरती के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है।
मंदिर के ठीक समीप स्थित तालाब इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देता है। तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां हैं, जिन्हें देखने और दाना खिलाने के लिए सुबह-शाम लोग पहुंचते हैं। श्रद्धालु आटे की गोलियां बनाकर मछलियों को खिलाते हैं। इन दिनों वर्षा कम होने के कारण तालाब पूरी तरह नहीं भर पाया है, जबकि अच्छी बारिश होने पर यह लबालब पानी से भर जाता है और मंदिर का पूरा परिसर और भी मनमोहक दिखाई देता है।
मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्रीराम और माता जानकी की अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनके दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं का मन भक्तिभाव से भर उठता है। मंदिर परिसर में आगे की ओर हनुमान जी का अलग मंदिर, समीप माता जी का मंदिर तथा सीढ़ियों से ऊपर भगवान शिव का मंदिर भी स्थित है। श्रद्धालु एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं। मंदिर परिसर में लगे पेड़-पौधे, हरियाली, स्वच्छता और शांत वातावरण यहां आने वाले हर व्यक्ति को सुकून का एहसास कराते हैं। धार्मिक आयोजनों, रामनवमी, दीपावली और अन्य पर्वों पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाता है, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के लिए यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है।
धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन का अनूठा संगम होने के कारण श्रीराम मंदिर पाटन की पहचान बन चुका है यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक अपने साथ आध्यात्मिक शांति और सुखद अनुभव लेकर लौटता है।

