संसार में रहकर भी संसार से निर्लिप्त रहना ही आध्यात्मिक आभूषण : मुनिश्री आदित्य सागर महाराज
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रात:कालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को जीवन जीने की सार्थक सीख देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने शरीर को किसी न किसी प्रकार के आभूषण से सजाता है। आभूषण केवल सोने-चांदी के ही नहीं होते, बल्कि जीवन में व्यवहारिक, नैतिक और आध्यात्मिक आभूषण भी होते हैं।
मुनिश्री ने कहा कि व्यवहारिक आभूषण नाक, कान, गला, पांव अथवा उंगलियों में धारण किए जाते हैं, लेकिन नैतिकता और आध्यात्मिकता के आभूषण इन सबसे भिन्न होते हैं। आध्यात्मिक आभूषण का अर्थ है—सबके बीच रहकर भी सबसे निर्लिप्त रहना और सबके साथ रहते हुए भी किसी को अपना मानकर आसक्ति में नहीं बंधना।
उन्होंने भगवान के कमलासन पर विराजमान होने का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए कहा कि भगवान सदैव कमलासन पर ही क्यों विराजते हैं? जबकि गुलाब, चंपा और चमेली जैसे फूलों में अधिक सुगंध होती है। कमल को आसन बनाने के पीछे गहरा संदेश छिपा है। कमल कीचड़ और जल में रहकर भी उनसे निर्लिप्त रहता है। उस पर कीचड़ का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। इसी प्रकार भगवान संसार में रहते हुए भी संसार से मुक्त रहते हैं। सांसारिक आवरण का उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। संसार में सभी भगवान के अपने हैं, लेकिन संसार में भगवान का कोई अपना नहीं है। यही आध्यात्मिक और नैतिकता का श्रेष्ठ आभूषण है।
मुनिश्री ने कहा कि संसार के बीच रहकर भी संसार से भिन्न होकर जीना ही सच्ची आध्यात्मिकता है। व्यक्ति को अपने व्यापार और व्यवहार में हमेशा अंतर रखना चाहिए। यदि व्यापार और व्यक्तिगत व्यवहार आपस में मिल जाएं तो दोनों ही प्रभावित होते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि व्यवहार में व्यक्ति घर आए तो उसका आत्मीयता से भोजन और जलपान कराया जा सकता है, लेकिन व्यापार अपने निर्धारित नियमों और सिद्धांतों के अनुसार ही किया जाना चाहिए। जीवन में जब विषम परिस्थितियां आती हैं, तब जिनवाणी और शास्त्रों की वाणी ही व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है।
मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने कहा कि ज्ञान जीवन का सबसे बड़ा आभूषण है। गुरु की वाणी ज्ञान का ऐसा झरना है, जो निरंतर बहता रहता है। इसे इस प्रकार समझा जा सकता है कि एक झरना बह रहा है और उसके किनारे एक मटका रखा है। झरने की बूंदें पत्थर से टकराकर एक-एक करके उस मटके में गिरती रहती हैं और धीरे-धीरे वही बूंदें मटके को भर देती हैं। ठीक इसी प्रकार गुरु की वाणी का झरना जब निरंतर हमारे जीवन में प्रवाहित होता है, तो हम चाहे कुछ समय के लिए ही वहां बैठें, लेकिन एक दिन ऐसा अवश्य आता है जब बूंद-बूंद करके हमारे जीवन का घड़ा ज्ञान से भर जाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में ज्ञान से बड़ा कोई आभूषण नहीं है।
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रात:कालीन बेला में मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी का शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर पुण्यार्जन किया। धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर शान्ति लाल वेलावत, भगवती जयंती लाल रजावत, अशोक श््रााह,जय कारवां, पारस चित्तौड़ा, केलाश चित्तौड़ा, हरिमोहन जैन, सुरेश वखारिया, जयंती डागरिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ अर्जित किया।
