*"स्थानीय से वैश्विक निर्यातक कैसे बनें" पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
जयपुर। वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र, वस्त्र समिति जयपुर, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से "स्थानीय से वैश्विक निर्यातक कैसे बनें" विषय पर मंगलवार 18 अगस्त को राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित एक रेस्टोरेंट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सीमा शुल्क आयुक्त (निवारक), जयपुर से नीरज दुबे उपस्थित हुए। जबकि सम्मानित अतिथि के तौर पर सहायक आयुक्त, सीमा शुल्क कार्यालय (निवारक), सान्या सिंघानिया, वरिष्ठ सहायक निदेशक, हस्त शिल्प विकास आयुक्त कार्यालय, रजत वर्मा और सांगानेर वस्त्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष, डॉ. बृज बल्लभ उदैवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांगानेर के घरेलू वस्त्र क्लस्टरों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय, वस्त्र समिति जयपुर के उप निदेशक एवं प्रभारी अधिकारी गोविन्द प्रसाद ने सभी गणमान्य अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वागत एवं मुख्य संबोधन में जागरूकता कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वस्त्र क्षेत्र के एमएसएमई और उद्योग हितधारकों के बीच निर्यात के अवसरों, निर्यात प्रक्रियाओं और उपलब्ध सरकारी सहायता के संबंध में अधिक जागरूकता पैदा करना आवश्यक है, ताकि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाया जा सके। सांगानेर वस्त्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. बृज बल्लभ उदैवाल ने सांगानेर की समृद्ध विरासत और लम्बे समय से चली आ रही वस्त्र एवं हैंड-ब्लॉक प्रिंटिंग की परम्परा पर प्रकाश डाला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सांगानेर के पारंपरिक वस्त्र उत्पादों की महत्वपूर्ण संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक हस्तशिल्प को संरक्षित करने के साथ ही उत्पाद की गुणवत्ता, बाजार तक पहुँच और निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करना आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, एमएसएमई और वस्त्र क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को सहयोग प्रदान करने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि सांगानेर के विशिष्ट वस्त्र उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नीरज दुबे ने निर्यात को सुगम बनाने और व्यापार करने में सरलता को बढ़ावा देने में सीमा शुल्क की भूमिका को समझाया। उन्होंने उपस्थित घरेलू उत्पादकों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और उभरते निर्यातकों को निर्यात दस्तावेज़ीकरण, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं, मूल्यांकन, जांच, निकासी और नियामक अनुपालन पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सुचारू और परेशानी मुक्त निर्यात निकासी के लिए उचित दस्तावेज़ीकरण, सटीक घोषणाएं और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय उत्पादकों को निर्यात प्रक्रिया समझने और अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तारित करने के लिए उपलब्ध टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट फैसिलिटी सेन्टर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान जयपुर के उप निदेशक गोविन्द प्रसाद ने वस्त्र समिति और उसके उद्देश्यों एवं प्रमुख सेवाओं पर प्रस्तुति दी। उन्होंने गुणवत्ता आश्वासन, परीक्षण, निरीक्षण, प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं उद्योग सुविधा जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र जयपुर की आवश्यकता एवं महत्व को भी समझाया, जो घरेलू सांगानेर वस्त्र उत्पादकों और नए निर्यातकों को निर्यात संबंधी मार्गदर्शन और हैंड होल्डिंग (सहयोग) सहायता प्रदान करता है। उन्होंने बताया क वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र जयपुर निर्यात की तैयारी को मजबूत करने, निर्यात से सम्बन्धित चुनौतियों का समाधान करने और स्थानीय वस्त्र व्यवसायों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा मंच के रूप में कार्य कर रहा है। पीयूष शर्मा, यंग प्रोफेशनल (निर्यात प्रोत्साहन), वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र, वस्त्र समिति ने "स्थानीय से वैश्विक निर्यातक कैसे बनें" विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करने और निर्यात व्यवसाय संचालित करने के लिए आवश्यक प्रमुख प्रक्रियाओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निर्यात व्यवसाय के लाभ, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध अवसरों और निर्यातकों के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता और सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला। इस जागरूकता कार्यक्रम में सांगानेर के घरेलू वस्त्र क्लस्टरों से लगभग 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। साथ ही बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधियों, एमएसएमईज, घरेलू उत्पादकों और संभावित निर्यातकों की भागीदारी ने वैश्विक बाजारों में प्रवेश करने और सरकारी पहलों के माध्यम से निर्यात को बढ़ावा देने के प्रति उद्योग की गहरी रुचि को प्रदर्शित किया। यह कार्यक्रम वस्त्र समिति क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में वस्त्र समिति के गुणवत्ता आश्वासन अधिकारी विजय बाबू गौड़ ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

