राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं टैगोर पब्लिक स्कूल थोई में मनाया वर्ल्ड स्कार्फ डे
थोई (सीकर)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ थोई के तत्वावधान में शनिवार को वर्ल्ड स्कार्फ डे के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थोई एवं टैगोर पब्लिक स्कूल थोई में स्कार्फ दिवस मनाया गया। इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने स्काउटिंग की वेशभूषा में स्कार्फ धारण कर दिवस की महत्ता को समझा तथा स्काउटिंग के मूल्यों एवं सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी कमिश्नर हीरालाल सैनी, सचिव सुवालाल कुमावत, जिला यूथ सेक्रेटरी राम प्रसाद भास्कर एडवांस स्काउट मास्टर मनीष कुमावत एवं गाइड कैप्टन प्रियांशी टेलर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्कार्फ स्काउटिंग एवं गाइडिंग की पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। यह एकता, संगठन, अनुशासन, सेवा भावना और भाईचारे का संदेश देता है। विभिन्न स्काउट एवं गाइड संगठनों के अलग-अलग रंग एवं डिज़ाइन के स्कार्फ उनकी पहचान और परंपराओं को दर्शाते हैं।
वर्ल्ड स्कार्फ डे स्काउट्स एवं गाइड्स को स्कार्फ धारण कर स्काउटिंग के प्रति अपने गौरव, प्रतिबद्धता और सेवा भावना को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान स्काउटिंग के मूल्यों, सेवा कार्यों, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रभारी कमिश्नर हीरालाल सैनी ने कहा कि स्कार्फ केवल स्काउटिंग की वेशभूषा का हिस्सा नहीं, बल्कि यह स्काउट्स एवं गाइड्स की एकता और पहचान का प्रतीक है। सचिव सुवालाल कुमावत ने स्काउट्स एवं गाइड्स को सेवा एवं अनुशासन के साथ समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
एडवांस स्काउट मास्टर मनीष कुमावत ने भी स्कार्फ डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्काउट्स एवं गाइड्स को स्काउटिंग के सिद्धांतों का पालन करने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्काउटिंग परिवार में एकता, अनुशासन, सेवा, सहयोग एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।