लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल का चतुर्थ निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित
62 रोगियों का पंजीयन, 20 मरीज
जयपुर में मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित — हर माह दूसरे रविवार को लगता है शिविर
लक्ष्मणगढ़। आज रविवार 9 अगस्त 2026 को लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट लक्ष्मणगढ़ एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में चतुर्थ निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन न्यू टैगोर शिक्षण संस्थान में किया गया। शिविर का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में उप कोषाधिकारी सज्जन कुमार सैनी, ट्रस्ट संरक्षक सुभाष जोशी, गिरधारी लाल जाजोदिया, शंकरा आई हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. लालू यादव एवं पूजा गुप्ता तथा न्यू टैगोर शिक्षण संस्थान के संचालक महेंद्र घासोलिया मंचासीन रहे। लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों का ट्रस्ट का दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी ने लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न सेवा एवं सामाजिक सरोकार के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट के साथ मिलकर आयोजित किए जा रहे इन नेत्र शिविरों से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिल रही है तथा अनेक रोगियों को निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ प्राप्त हो रहा है।
शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि आंखों से संबंधित समस्या से जूझ रहे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग समय पर जांच एवं उपचार का लाभ उठा सकें।
मुख्य अतिथि उप कोषाधिकारी सज्जन कुमार सैनी ने लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट द्वारा जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ट्रस्ट के संरक्षक, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए कहा कि इसी प्रकार निरंतर सेवा कार्यों में जुटे रहना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
62 मरीजों का पंजीयन, 20 ऑपरेशन के लिए चयनित
शिविर में कुल 62 रोगियों का पंजीयन एवं नेत्र जांच की गई। जांच के पश्चात 20 रोगियों का जयपुर में मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयन किया गया। चयनित मरीजों को आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार जयपुर ले जाकर उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।
पिछले माह ऑपरेशन के लिए जयपुर गए मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए शंकरा आई हॉस्पिटल की सेवाओं की सराहना की। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों एवं पूरी टीम द्वारा बहुत अच्छी देखभाल की गई तथा इलाज की व्यवस्था भी शानदार रही।
हर माह दूसरे रविवार को लगेगा निःशुल्क शिविर
लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से यह निःशुल्क नेत्र शिविर हर माह के दूसरे रविवार को आयोजित किया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि आंखों से संबंधित किसी भी समस्या से पीड़ित व्यक्ति तथा जरूरतमंद लोग शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ प्राप्त करें और इस सेवा अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकीय टीम, सहयोगियों एवं शिविर में पहुंचे रोगियों का आभार व्यक्त किया। शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है।
इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के संरक्षक प्रकाश पासोरिया, बाबूलाल माटोलिया, प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी कमल कुमावत, रामपाल कुमावत, शशि प्रकाश कुमावत, सुनील कुमार माली, अमित सोनी, रोहित दईया, लोकित दईया, पंकज, महेश कुमावत सहित ट्रस्ट के अनेक संरक्षक पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं नगर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे
