सत्यम पब्लिक स्कूल के बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सत्यम पब्लिक स्कूल, अर्जुन नगर के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया।
तिरंगा यात्रा सत्यम पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर महेश नगर एवं 80 फीट रोड सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल देवानंद गुर्जर एवं जय हिंद सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुलदीप सिंह जी उपस्थित रहे। इसके साथ ही संगठन के अन्य पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
तिरंगा यात्रा के समापन पर विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

