94 बच्चों के भविष्य के लिए ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बंद स्कूल को डी-मर्ज कराने की मांग

 94 बच्चों के भविष्य के लिए ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, 


बंद स्कूल को डी-मर्ज कराने की मांग




शून्य नामांकन के चलते सत्र 2025-26 में स्कूल हुआ था बंद,


विद्यालय को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगटा में किया गया था मर्ज,


अब ग्रामीणों ने 94 बच्चों के नामांकन की सूची तैयार कर सरकार के सामने रखी मांग,


1 जुलाई से स्वयंसेवक संभाल रहे 94 बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी,


नवसृजित ग्राम पंचायत मुख्यालय बना पोखरसा का बास,


 ग्रामीण बोले गांव में होना चाहिए सरकारी स्कूल


चौमू . जालसू पंचायत समिति के पोखरसा का बास गांव में बंद हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय को शनिवार को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। शून्य नामांकन के कारण सत्र 2025-26 में बंद किए गए विद्यालय को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगटा में मर्ज कर दिया गया था। अब ग्रामीण विद्यालय को डी-मर्ज कर गांव में ही दोबारा संचालित कराने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस समय विद्यालय बंद हुआ था, उस समय नामांकन शून्य था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। ग्रामीणों ने करीब 94 बच्चों की नामांकन सूची तैयार की है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए 1 जुलाई से स्वयंसेवकों ने पढ़ाई की जिम्मेदारी भी संभाल रखी है। विद्यालय को दोबारा शुरू कराने के लिए ग्रामीणों ने बैठक आयोजित कर विद्यालय विकास समिति का गठन किया है। साथ ही अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की सहमति दी गई है। ग्राम सभा में भी विद्यालय को पुन: शुरू कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद पीईईओ, सीबीईओ एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जालसू को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय को डी-मर्ज करने और उच्च प्राथमिक स्तर तक संचालित करने की मांग की गई है। ज्ञापन के साथ 94 विद्यार्थियों की सूची भी दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पोखरसा का बास अब नवसृजित ग्राम पंचायत का मुख्यालय भी बन चुका है। ऐसे में गांव में सरकारी विद्यालय की जरूरत और बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांव नहीं जाना पड़े, इसके लिए गांव में ही सरकारी विद्यालय संचालित होना चाहिए। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि 15 अगस्त से पहले विद्यालय को डी-मर्ज करने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से शुरू हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि स्वयंसेवकों के भरोसे पढ़ाई लंबे समय तक नहीं चल सकती। बच्चों के भविष्य के लिए सरकारी विद्यालय और स्थायी शिक्षक व्यवस्था जरूरी है। ग्रामीण भुरामल शर्मा क्षवण बागड़ा रामपाल शर्मा चंद्र सिंह नाथावत ने साफ कहा कि अब गांव में 94 बच्चे पढ़ने के लिए तैयार हैं और नामांकन की सूची भी तैयार है। ऐसे में विद्यालय को बंद रखने का कोई औचित्य नहीं है। सरकार तत्काल निर्णय लेकर विद्यालय को गांव में दोबारा शुरू करे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने