आदिनाथ भवन सेक्टर 11 में रक्षाबंधन पर्व बना वात्सल्य और सौहार्द का संदेश
मुनिश्री आदित्य सागर जी के सान्निध्य में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन, मंदिर शिखर पर ध्वजा परिवर्तन का हुआ भव्य आयोजन
उदयपुर संवाददाता जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित आदिनाथ भवन में आयोजित प्रातःकालीन धर्मसभा में श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में श्रावक-श्राविकाओं ने हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति करते हुए मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज एवं संघस्थ मुनियों की पिच्छी पर रक्षा सूत्र बांधे। साथ ही क्षुल्लक जी महाराज एवं ब्रह्मचारियों को भी रक्षा सूत्र समर्पित किए गए।
चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति में सराबोर होकर नृत्य एवं मंगल गीतों के साथ गुरु के श्रीचरणों में अर्घ्य समर्पित किया तथा गुरु आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज को रक्षा सूत्र बांधने का पुण्यलाभ संदीप जी एवं ललित जी कोठारी परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं मुनिश्री अप्रतीम सागर जी महाराज को रक्षा सूत्र बांधने का सौभाग्य सुलोचना कोटडिया, सहज एवं जय कुमार जी करवा को प्राप्त हुआ। क्षुल्लक जी महाराज को रक्षा सूत्र बांधने का पुण्यलाभ सुलभ जी, मधु एवं महावीर जी पचोरी परिवार को मिला।
मंदिर शिखर पर बदली ध्वजा
आदिनाथ दिगंबर जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष पारस चित्तौड़ा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मंदिर जी के शिखर पर ध्वजा परिवर्तन का भव्य एवं धार्मिक आयोजन भी संपन्न हुआ। मंदिर जी के शिखर पर ध्वजा चढ़ाने का पुण्यलाभ बंसीलाल जी, महावीर जी एवं पारस सिंघवी परिवार को प्राप्त हुआ।
रक्षाबंधन होता है वात्सल्य का पर्व : मुनिश्री आदित्य सागर
धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रुतसंवेगी मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षाबंधन का वास्तविक अर्थ वात्सल्य पर्व है। जहां परस्पर वात्सल्य होता है, वहीं सच्चे अर्थों में रक्षाबंधन मनाया जाता है। आज के समय में समाज और दुनिया को सबसे अधिक आवश्यकता इसी वात्सल्य एवं सौहार्द की है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि इसका दायरा बहुत व्यापक है। यह पर्व देश और दुनिया को प्रेम, सौहार्द एवं परस्पर सद्भाव का संदेश देता है। यदि पूरी दुनिया परस्पर वात्सल्य और सौहार्द की भावना को अपनाए तो अनेक समस्याओं और परेशानियों का समाधान हो सकता है। आपसी प्रेम और सद्भाव होगा तो देशों को युद्ध जैसी परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। युद्ध और हथियारों पर होने वाला अपार धन यदि बचाया जा सके तो उसे देश के विकास एवं जनकल्याण में लगाया जा सकता है।
मुनिश्री ने कहा कि रक्षाबंधन की वास्तविक परिभाषा वही व्यक्ति समझ सकता है, जो दूसरों के प्रति रक्षाभाव, सहानुभूति और समानता का भाव रखता हो। रक्षाबंधन का अर्थ ही रक्षा का भाव है, लेकिन आज विडंबना यह है कि कई बार रक्षा करने वाले ही एक-दूसरे के प्रति हिंसा करते दिखाई देते हैं। इसलिए रक्षाबंधन जैसे वात्सल्य पर्व की सार्थकता के लिए अहिंसा और प्रेम की भावना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल अपने भाई-बहनों के साथ ही नहीं, बल्कि अनाथालयों, वृद्धाश्रमों तथा जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ भी मनाना चाहिए। आखिर उनका अपना कौन है? यदि हम उनके साथ रक्षाबंधन मनाएंगे तो उन्हें भी यह अनुभूति होगी कि इस दुनिया में उन्हें प्रेम करने और उनकी रक्षा का भाव रखने वाले लोग मौजूद हैं।
शांतिधारा एवं अभिषेक का आयोजन
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि प्रातःकालीन बेला में मुनिश्री आदित्य सागर जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीजी की शांतिधारा एवं अभिषेक का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर धर्मलाभ एवं पुण्यलाभ अर्जित किया।
धर्मसभा से पूर्व मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण सहित विभिन्न मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का पुण्यलाभ जितेंद्र जी, सविता जी, रमेश जी एवं मयंक जी कोटा परिवार तथा अभिषेक जैन, जबलपुर को प्राप्त हुआ। वहीं गुरु पूजन का पुण्यलाभ चंद्रप्रकाश जी को मिला।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मुनिश्री के प्रवचनों का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था
ट्रस्ट की ओर से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। भोजनशाला में प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जा रही है, जिसका लाभ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु प्राप्त कर रहे हैं।
